ट्रेन में यात्रियों के साथ लूटपाट करने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए जीआरपी नई रणनीति के तहत काम कर रही है। कभी वेश बदलकर तो कभी अन्य तौर-तरीकों से पुलिस अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। लूटपाट की वारदात के करीब दस दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अभी भी खाली है। जिन स्थानों पर वारदातें हुई हैं उसके आसपास के क्षेत्रों से तथ्य जुटाए जा रहे हैं। अनेक लोगों के मोबाइल की लोकेशन और उनसे किस नंबर पर कितनी देर कब-कब बातें हुई हैं, उसकी सारी जानकारी एकत्रित की जा रही है।
अपराधियों को जल्द पकड़ने के लिए जीआरपी, आरपीएफ और कमांडो टीमों के अलावा महिला पुलिसकर्मियों के दस्तों के साथ अलग-अलग रणनीति बनाकर काम कर रही है। थाना राजकीय रेलवे पुलिस बहादुरगढ़ के प्रभारी सुरेंद्र कुमार और कार्यवाहक प्रभारी सुखबीर का कहना है कि जम्मूतवी और हिमसागर एक्सप्रेस में महिला यात्री और सीआरपीएफ जवान के साथ हुई चेन स्नेचिंग की घटना को लेकर पुलिस सतर्क है। रोहतक से लेकर दिल्ली तक के क्षेत्रों में गश्त कर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। कार्यवाहक प्रभारी सुखबीर ने बताया कि आसोदा और रोहद रेलवे स्टेशन के बीच दोनों वारदातें हुई हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
यात्रियों को किया जागरूक
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्रियों को चेन स्नेचिंग, सामान चोरी होने और जहरखुरानी सहित अन्य घटनाओं से बचने के लिए जीआरपी की तरफ से जागरूक किया जा रहा है। बृहस्पतिवार की दोपहर को पुलिसकर्मी संदिग्ध लोगों के सामान की तलाशी लेते भी नजर आए। इस दौरान पुलिसकर्मी उनको आपराधिक वारदातों से बचने और अनजान लोगों से खाने-पीने की चीजें लेने से परहेज करने के लिए जागरूक करते नजर आए।
-