सुनारिया स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में तैनात डीएसपी जगदीश को इनेलो नेता देवेंद्र सैनी ने जान से मारने की धमकी दी है।
एसपी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
डीएसपी जगदीश ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले वह किसी काम से सुखपुरा चौक से गुजर रहे थे। इसी दौरान गौड़ कॉलेज के पास रहने वाले देवेंद्र सैनी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
रंजिश के चलते दी धमकी
थाना शहर प्रभारी कुलबीर सिंह ने बताया कि आरोपी देवेंद्र सैनी पहले इनेलो पार्टी से जुड़ा हुआ था। उसके खिलाफ चार-पांच माह पहले दुराचार का मामला दर्ज हुआ। एक महिला ने देवेंद्र सैनी पर उसके साथ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री में दुराचार करने का आरोप लगाया था। उस समय डीएसपी जगदीश इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी थे और बतौर थाना शहर प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने ही आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश पाले हुए था। कुछ समय बाद इंस्पेक्टर जगदीश डीएसपी पद पर पदोन्नत हो गए और फिलहाल पीटीसी सुनारिया में तैनात हैं। केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।