गांव मंडौरी में एक युवक की शनिवार रात पत्थरों से वार कर हत्या कर दी गई। रविवार को उसका शव गांव के पास से गुजरने वाले कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे के पास पड़ा मिला। युवक के मुंह को पत्थरों से बुरी तरह से कुचला गया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया गया है।
मंडौरी में लोग रविवार को खेतों के लिए निकले तो रास्ते में देखा कि केएमपी की मिट्टी पर युवक का शव पड़ा है। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो मृतक की जेब से कुछ कागजात मिले। जिससे पता चला कि वह सलारपुर माजरा गांव का अजय (25) पुत्र जगदीश है। गांव मंडौरी में उसका ननिहाल है। युवक का मामा सुखबीर भी अजय का शव पड़ा होने की सूचना पर मौके पर पहुंचा और अपने भंाजे के तौर पर उसकी पहचान की। उसने बताया कि अजय उनके गांव आया था, यह उनकी जानकारी में नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा।
डीएसपी ने किया मौके का निरीक्षण
मंडौरी में युवक की हत्या की सूचना के बाद डीएसपी अजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वारदात स्थल का निरीक्षण किया और थाना प्रभारी से वारदात की जानकारी ली। मौके से खून से सने कई पत्थर भी पुलिस को बरामद हुए हैं। एफएसएल की टीम ने पत्थरों पर लगे खून के नमूने तो लिए ही, साथ में इन से फिंगर प्रिंट भी उठाए हैं।
4-5 दिन पहले आया था घर से
पुलिस को दिए बयानों में परिजनों ने बताया कि अजय 4-5 दिन पहले यह कहकर घर से आया था कि वह ट्रक पर कंडक्टरी करेगा। इसके बाद से उनका अजय के साथ कोई संपर्क नहीं हुआ। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। रोजगार की तलाश में रहता था।
मिले 3 फोन, सिम गायब
पुलिस ने मंडौरी में अजय के शव के पास से तीन मोबाइल फोन के सेट बरामद हुए हैं। पुलिस ने इनकी जांच की तो इनसे सिम कार्ड गायब थे। पुलिस ने फोन सेटों को कब्जे में लेकर इसका पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं कि इन मोबाइल में किसी कंपनी के कौन से नंबर के सिम चल रहे थे। पुलिस ने उसके घरवालों से भी अजय के फोन का नंबर लिया है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल फोनों से ही अजय की हत्या के मामले से जुड़े सुराग मिल सकेंगे।