कुलताजपुर रोड पर नहर के समीप बृहस्पतिवार की देर रात बदमाशों ने हाइवा ट्रक के चालक से मारपीट कर सवा तीन लाख रुपए की नकदी लूट ली।
इसके बाद बदमाशों ने हाथ-पैर बांध कर उसे घटनास्थल से दूर कुलताजपुर गांव के मंदिर के निकट सड़क के किनारे फेेंक दिया। राहगीर की मदद से घायल चालक को नारनौल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल चालक के बयान पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामबास गांव निवासी सोहन सिंह (28) बृहस्पतिवार की रात 9 बजे गांव से हाइवा ट्रक में बजरी लेकर रेवाड़ी की ओर जा रहा था। वह जैसे ही कुलताजपुर रोड पर नहर के समीप पहुंचा तो हरे रंग की बुलेरो में सवार अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया।
गाड़ी रुकते ही हाथों में हॉकी व बैट लेकर बुलेरो से आधा दर्जन से अधिक लोग नीचे उतरे और चालक से बजरी की पर्ची दिखाने को कहा। चालक पर्ची दिखाने तभी बदमाशों ने उस पर हॉकी व बैट से हमला कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने न सिर्फ चालक की जेब में रखे 25 हजार रुपए व मोबाइल फोन लूट लिए बल्कि रेवाड़ी की एक पार्टी को देने के लिए गाड़ी में रखी तीन लाख रुपए की नकदी भी लूट ली।
बदमाशों ने चालक के हाथ-पैर बांध कर बुलेरो में डाल दिया और कुलताजपुर की ओर ले गए। करीब एक किलोमीटर दूर जाकर बदमाशों ने घायल चालक को कुलताजपुर के मंदिर के निकट सड़क के किनारे फेेंक दिया।
कुछ समय बाद बाद में वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने चालक का हाथ-पैर खोल कर अपने मोबाइल फोन से घटना की जानकारी गाड़ी मालिक को दी तथा घायल चालक को नारनौल के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।