धीरज अग्निहोत्री
फर्रुखाबाद। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत रामरहीम को सजा मिलने के बाद पंजाब और हरियाणा में हुए बवाल का असर जिले के ट्रांसपोर्ट बाजार पर पड़ा है। पंजाब और हरियाणा में कर्फ्यू से इन प्रांतों के साथ ही इससे प्रभावित अन्य जिलों में ट्रकों से माल नहीं भेजा जा रहा है। बवाल के बाद कई ट्रक तो सिरसा और हिसार जिलों में फंसे खड़े हैं। ट्रांसपोर्टरों की मानें तो आपूर्ति बंद होने से रोजाना करीब पांच से छह लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।
जिले भर में 20 बड़े ट्रांसपोर्ट कारोबारी हैं। इनके यहां से रोज जिले से मक्का, चीनी, तंबाकू और गन्ना आदि खाद्य वस्तुएं ट्रकों से हरियाणा, पंजाब और दिल्ली प्रांत में भेजे जाते हैं। जिले से रोजाना करीब 20 से 25 ट्रक लिंजीगंज, कायमगंज और अन्य स्थानों से माल लादकर ले जाते हैं। ट्रांसपोर्टरों की मानें तो मौजूदा समय में करीब 15 ट्रक हिसार, सिरसा, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में फंसे हुए हैं। पंजाब और हरियाणा में कर्फ्यू के चलते इन प्रांतों में ट्रांसपोर्ट का काम बंद पड़ा है। रोज कमाने-खाने वाले पल्लेदार आदि भी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। उनके इनके सामने रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि जब तक कर्फ्यू नहीं खुलेगा, तब तक पंजाब और हरियाणा प्रांत में माल नहीं भेजा जा सकेगा।
कर्फ्यू खत्म होने पर लोडिंग होगी शुरू
ठंडी सड़क पर ट्रांसपोर्ट किए पंकज मिश्र बताते हैं कि पंजाब और हरियाणा प्रांत के लिए उनके यहां से भी करीबन दो-तीन ट्रक प्रतिदिन माल लोड होता था। पर डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को सजा मिलने के बाद हुए बवाल के चलते तीन दिन से इन प्रांतों में कर्फ्यू लगने से लोडिंग बंद है। इससे भारी नुकसान हो रहा है। ट्रक चालकों और हेल्परों को तो वेतन देना ही है। अब तो कर्फ्यू खत्म होने के बाद ही लोडिंग शुरू होगी।
-
हरियाणा-पंजाब में फंसे ट्रक
हरियाणा व पंजाब माल भेजने वाले कायमगंज के ट्रांसपोर्टर गुड्डू खां बताते हैं कि गन्ना व तंबाकू ट्रकों पर लोड कर हरियाणा व पंजाब भेजी जाती है। करीब एक सप्ताह पहले 10-15 गाड़ियां दिल्ली, हरियाणा और पंजाब गई थीं, जो कर्फ्यू के चलते वहीं पर फंसी हैं। इसके चलते प्रतिदिन करीब 50-60 हजार रुपये का नुकसान हो रहा है। विजय पालीवाल ने बताया कि उनकी एक गाड़ी सिरसा और एक गाड़ी हिसार में फंसी है।