गांव सांघी में मंगलवार रात पॉलीटेक्निक कॉलेज के स्टूडेंट ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली।
छात्र यूपी के मथुरा जिले के गांव नगरिया का रहने वाला था। वह दीपावली पर घर गया था। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रविवार को लौटने के बाद से ही वह सैशनल एग्जाम को लेकर तनाव था।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीजीआई रोहतक में रखवा दिया। परिजनों को भी सूचना दे दी गई हैं।
यूपी निवासी रोहताश (18)पुत्र खेमचंद कॉलेज में फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। वह गांव में ही रमेश के मकान में रहता था। उसके साथ पांच और स्टूडेंट रह रहे थे।
मंगलवार शाम उसके अन्य दोस्तों ने गांव में घूमने को चलने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। उसने मंगलवार का व्रत भी रखा था।
उसने दोस्तों से कहा कि व्रत है, इसलिए वह यहीं खाना बना लेता है। कुछ समय बाद सभी दोस्त वापस लौटे तो कमरा अंदर से बंद था। इस पर उन्होंने मकान मालिक रमेश को इसकी जानकारी दी। जब दरवाजा तोड़ा गया तो रोहताश अंदर पंखे के हुक से लटका हुआ था। रमेश ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को नीचे उतारा और यूपी में उसके परिजनों को सूचना दी। रमेश ने बताया कि रोहताश दो महीने से ही उसके मकान में रह रहा था। इधर, सदर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर सामने आया है कि एग्जाम की तैयारी को लेकर तनाव में था।