सर मेरी जान को खतरा है.. मेरा तबादला एमडीयू में कर दीजिए ...।
एमडीयू के कुलपति एचएस चहल से यह गुहार आईएलएमएस गुड़गांव के एक असिस्टेंट प्रोफेसर ने लगाई है। बताया जाता है कि धमकी मिलने के बाद यह शिक्षक दो दिनों से रीजनल सेंटर ही नहीं गया है।
सूत्र ने बताया कि रोहतक निवासी एमडीयू का असिस्टेंट प्रोफेसर यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ एंड मैनेजमेंट स्टडीज गुड़गांव में मैनेजमेंट विभाग में तैनात है।
इस शिक्षक को लॉ के एक विद्यार्थी ने गाली गलौच करने के साथ ही देख लेने की भी धमकी दी थी। इसके बाद से ही यह शिक्षक रीजनल सेंटर नहीं गया है। सूत्र ने बताया कि कुलपति को दी गई शिकायत में शिक्षक ने बताया है कि धमकी देने वाला छात्र लॉ का स्टूडेंट है लेकिन मैनेजमेंट की क्लास में आकर बैठ जाता है।
जब उसे मना किया तो उसने पहले गाली गलौच की और फिर देख लेने की धमकी दी। मंगलवार को हुई इस घटना के बाद से ही शिक्षक सेंटर पर नहीं गए और सुरक्षा का हवाला देकर कुलपति से एमडीयू में तबादला करने की मांग की है।