पंजाबी एकता मंच की राजनीति से बाज आते हुए अपने व्यवसाय पर ध्यान दो, नहीं तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। रेलवे रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कांग्रेसी नेता हेमंत बख्शी को यह धमकी मिली है। रेलवे रोड स्थित उनके ज्वैलरी शोरूम में डाक से घमकी भरा पत्र पहुंचा है। पुलिस को दी शिकायत में हेमंत बख्शी ने बताया कि दो दिन पहले डाक के जरिए उनके शोरूम पर एक पत्र आया। चुनावी व्यस्तता के चलते बृहस्पतिवार को पत्र देखा। पत्र में उन्हें धमकी दी गई है।
यह लिखा है पत्र में
व्यापारी नेता ने बताया कि पत्र में लिखा है कि पंजाबी एकता मंच की राजनीति करना बंद कर दे। पहले भी कई बार समझा चुके हैं। यह आखिरी चेतावनी है। शांति से अपना व्यापार कर ले और बच्चे पाल ले। अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। व्यापारी ने पुलिस को पत्र की कॉपी दी है। पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन
हेमंत बख्शी को जो पत्र मिला है, वह डाक से आया है। शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि पत्र कहां से आया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
कुलबीर सिंह, शहर थाना प्रभारी।