एक दुकानदार ने तीन युवकों पर मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू बस स्टैंड के सामने स्थित ओम ढाबा एवं फास्ट फूड कॉर्नर के संचालक नरेंद्र और बीरेंद्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को देर शाम तीन युवक दुकान पर आए।
उन्होंने शराब की बोतल देने की मांग की। मना किया तो देख लेने की धमकी दी। भीड़ एकत्र होने पर वे मौके से चले गए। उसी रात को करीब 11 बजे एक बार फिर से आ गए।
उन्होंने नरेंद्र की कनपटी पर पिस्तौल अड़ा हमला कर दिया और फरार हो गए। तुरंत 100 नंबर पर फोन किया, लेकिन नहीं मिला। थाना प्रभारी को भी कई बार फोन किया। करीब 45 मिनट के बाद आए राइडर नंबर 38 ने तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
शुक्रवार सुबह करीब 10-11 बजे के आसपास वही तीनों युवक वहां पहुंचे और उन्होंने दुकान पर डंडों व ईंटों से हमला कर दुकान में तोड़फोड़ कर दी। नरेंद्र, बीरेंद्र व उनके एक अन्य भाई ने बताया कि उन्होंने हमलावर युवकों का पीछा किया और उन तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया। उनका कहना है कि सुबह से शिकायत की है लेकिन शाम तक वे थाने में ही खड़े हैं। उन्होंने बताया कि वारदात में काला निवासी खिडवाली, नेहरा और आटो चालक शामिल हैं।
‘तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में मारपीट और उसका बदला लेने के लिए तोड़फोड़ की बात सामने आ रही है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।’ -वजीर सिंह रेढू, एसएचओ, थाना सिविल लाइन।