देश के तथाकथित डेरे, मस्जिद, मदरसे व ईसाई मिशनरी के क्रियाकलापों की तुरंत जांच होनी चाहिए।
अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य रमेश मिश्र ने विशेष रूप से दिल्ली के शाही इमाम बुखारी की गतिविधियों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ विभिन्न न्यायालयों में केस चल रहे हैं।
कई बार गैर जमानती वारंट दिए जा चुके हैं, लेकिन आज तक कभी भी बुखारी को गिरफ्तार नहीं किया गया।
यह देश के कानून का अपमान है। देश के विभिन्न भागों में मस्जिदों व मदरसों में देश विरोधी गतिविधियां होती हैं, इन पर अंकुश लगाया जाना चाहिए।
पूर्वोत्तर भारत में ईसाई मिशनरियों द्वारा धर्मांतरण के नाम पर देश विरोधी गतिविधियां चलाई जा रही हैं। पूर्वोत्तर भारत के आतंकवाद को मिल रही आर्थिक सहायता की जांच होनी चाहिए। मिश्र सोमवार को नई दिल्ली से सिरसा जाते हुए महम के समीप भैणी महाराजपुर गांव में जिला रोहतक हिंदु महासभा प्रधान प्रेम सिंह रापड़िया के निवास पर कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे।
धार्मिक संस्थानाें की आड़ में रखा जा रहा हथियारों का जखीरा
मिश्र ने कहा कि धार्मिक संस्थानों की आड़ में हथियारों का जखीरा रख इनके जरिए देशद्रोही गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। यहां रखी सभी अवैध सामग्री को सरकार को तत्काल जब्त कर लेना चाहिए।
मोदी को पूर्ण बहुमत, राम मंदिर के लिए करें सार्थक प्रयास
आचार्य रमेश मिश्र ने कहा है कि अयोध्या में राममंदिर निर्माण के लिए हिंदू महासभा राष्ट्रव्यापी आंदोलन चला रही है। अयोध्या में भगवान राम पिछले 22 वर्षाें से तंबू में रह रहे हैं। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्ण बहुमत दिया है। अब उनके पास बहुमत न होने का बहाना नहीं है। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार द्वारा राम मंदिर न बनाने के पीछे तर्क दिया जाता था कि उनके पास पूर्ण बहुमत नहीं है। राममंदिर निर्माण के लिए अब राजनीति बंद होनी चाहिए और मंदिर निर्माण के लिए सार्थक प्रयास शुरू कर देने चाहिए। अयोध्या में हिंदू महासभा राम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग करेगी। मंदिर पर मालिकाना हक निर्मोही अखाडे़ का ही रहेगा।