फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश से फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ में कई जगह जलभराव

Sat, 26 Aug 2017 11:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/फर्रुखाबाद
विज्ञापन
रस्तोगी मोहल्ला गली में हुआ जलभराव। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। तेज बरसात होने से फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ युग्म नगरों में चारों ओर पानी ही पानी नजर आया। कई जगह बरसात बंद होने के घंटों बाद पानी निकल सका। बरसात ने पालिका प्रशासन के नाला सफाई अभियान की पोल फिर खोलकर रख दी। सुबह एकाएक तेज बरसात शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई बरसात से शहर के निचले मोहल्लों दिल्ली ख्याली कूंचा, इस्माइलगंज सानी, छेदा चूरन सिंह वाली गली, गुदड़ी, सूफी खां, हाता सफ्दर खां, गंगा नगर कालोनी, रस्तोगी मोहल्ला गली, और तलैया फजल इमाम के अलावा मुख्यमार्ग ठंडी सड़क, फर्रुखाबाद-फतेहगढ़, भोलेपुर और लालसराय पानी टंकी आदि में भी जलभराव हो गया। इस्माइलगंज सानी और ठंडी सड़क मुख्यमार्ग समेत कई मोहल्लों में बरसात बंद होने के करीब तीन-चार घंटे बाद पानी निकला। बरसात के चलते स्कूली बच्चे भीगते हुए स्कूल जाने को मजबूर हुए।
विज्ञापन

ईओ रोली गुप्ता ने बताया कि वैसे तो शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई बरसात से पहले करा दी गई थी। इसके बाद भी जहां-जहां जलभराव की शिकायतें मिल रही थीं वहां सफाई करवाई जाती है। अब बरसात थमने के बाद पानी निकलने में आधा-एक घंटे का समय तो लगता ही है। बरसात से खेतों में भी पानी भर गया।

बस अड्डे में कीचड़, यात्री पस्त
फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कार्य करीब एक साल से बंद पड़ा है। अधूरा बस अड्डा होने के चलते पूरे परिसर में मिट्टी पड़ी थी। शुक्रवार और शनिवार को हुई बरसात के चलते यह मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई। बस अड्डे का आलम यह है कि कीचड़ के बीच आकर यात्रियों को बस में बैठने को मजबूर होना पड़ता है। बस अड्डे पर कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां कीचड़ न हो। शनिवार को कीचड़ से कई यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस संबंध में एआरएम अंकुर विकास ने बताया कि जल्द ही बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
विज्ञापन

 
सड़क ‌‌क‌िनारे कुंआ
सेंट्रल जेल चौराहा से जिला जेल चौराहा के बीच सलखनापुर गांव को जाने वाली सड़क कट गई। सड़क के दोनों ओर दो गहरे गड्ढे हो गए। एक जगह तो सड़क के नीचे बना कुआं तक निकल आया। गांव को आने-जाने वाले लोगों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के रहने वाले मुकेश, सतीश, अवनीश और किशनपाल आदि का कहना है कि सड़क बनाने के समय यूं ही भराव डालकर सड़क को बनाकर खानापूर्ति की गई। उन्होंने सड़क की मरम्मत करवाने की मांग जिलाधिकारी से की है।

पेड़ गिरने से आवागमन बाधित, बिजली तार टूटे
फर्रुखाबाद (ब्यूरो)। शनिवार को हुई बरसात के चलते आईटीआई बिजली घर के सामने खड़ा गुलमोहर का पेड़ जड़ से उखड़ गया। पेड़ उखड़ने से बिजली के तार भी टूट गए। इसके साथ ही बीचोबीच सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। पावर हाउस पर मौजूद बिजली कर्मचारियों ने जैसे-तैसे पेड़ को काटकर बिजली के टूटे तारों को किनारे किया। पेड़ गिरने से सड़क पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने पेड़ हटने के दौरान धीरे-धीरे यातायात सामान्य करवाया। जेई अमित शर्मा ने बताया कि पेड़ गिरने से तार टूट गए हैं जिनकी मरम्मत कराकर आपूर्ति बहाल कराने का काम किया जा रहा है।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें