कार्यालय में बैठे प्रॉपर्टी डीलर बालंद गांव के सरपंच पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया।
कार्यालय में तोड़फोड़ के बाद फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी दे फरार हो गए। पुलिस ने सरपंच के बयान पर एक नामजद सहित चार युवकों पर केस दर्ज किया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस को दी शिकायत में बालंद गांव के सरपंच सतेंद्र ने बताया कि उसका शीतल नगर में महालक्ष्मी प्रॉपर्टीज नाम से कार्यालय है। शुक्रवार शाम को संजय उर्फ माचो नाम का युवक दो-तीन साथियों के साथ आया और हंगामा करने लगा। आरोपी को सतेंद्र ने रोका तो उसने अपने साथियों के साथ कार्यालय में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
एक युवक ने उस पर फायर भी किया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस ने सतेंद्र के बयान पर संजय उर्फ माचो व उसके दो-तीन साथियों के खिलाफ मारपीट, दुकान के भीतर तोड़फोड़ करने समेत शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।