सांघी पॉलीटेक्निक कॉलेज जा रहे छात्रों से भरा ऑटो पलट गया। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 घायल हुए हैं।
हादसा सांघी और खिड़वाली के बीच सड़क के बीचोंबीच एक खेत से दूसरे खेत में पानी ले जाने के लिए डाले गए पाइप के कारण हुआ। पाइप के ऊपर सड़क पर मिट्टी का ब्रेकर बना हुआ था। एकाएक ब्रेकर देख संतुलन बिगड़ने के कारण तेज रफ्तार ऑटो सड़क पर पलट गया। नीचे दबने से पानीपत की वधावा राम कॉलोनी के रहने वाले 17 वर्षीय छात्र सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। वह सिविल इंजीनियरिंग में प्रथम वर्ष का छात्र था और रोजाना कॉलेज से आता जाता था। पांच छात्रों को ज्यादा तो 3 को मामूली चोट है। ज्यादातर पानीपत और फरीदाबाद जिले के रहने वाले हैं। थाना सदर पुलिस ने घायल छात्र की शिकायत पर ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसा सांघी और खिड़वाली गांव के बीच कॉलेज से करीब आधा किलोमीटर पहले हुआ।
सांघी गांव स्थित चौधरी मातुराम आर्य पॉलीटेक्निक में पढ़ने के लिए काफी छात्र ट्रेन व बसों में अन्य जिलों से आते हैं। ये छात्र रोजाना बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से ऑटो कर कॉलेज तक पहुंचते हैं। बृहस्पतिवार सुबह भी 15-16 छात्र रेलवे स्टेशन से एक ऑटो में सवार होकर कॉलेज जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही काफी संख्या में कॉलेज के प्राध्यापक व छात्र घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को पीजीआई इमरजेंसी में दाखिल करवाया।
ये हुए घायल
घायल हुए छात्रों में कशिश निवासी पानीपत, रिशु निवासी फरीदाबाद, सुनील निवासी पलवल, अंकुश निवासी पानीपत और गोविंद निवासी दिल्ली शामिल हैं।
यूं हुआ हादसा
आटो में ही सवार प्रथम वर्ष के छात्र अजय निवासी पानीपत और घायल कशिश और रिशु ने बताया कि चालक बहुत तेज गति से ऑटो चला रहा था। उसे कई बार टोका भी गया। जब वे खिड़वाली और सांघी के बीच पहुंचे तो सड़क के एक पार से दूसरी ओर पानी के लिए पाइप डाला हुआ था। पाइप को सुरक्षित करने के लिए मिट्टी का स्पीड ब्रेकर बनाया गया था। ब्रेकर सामने आने पर चालक ने एकाएक तेज ब्रेक लगाए, जिससे ऑटो का एक्सल टूट गया। एक्सल टूटने से ऑटो पलट गया। पलटने से सुनील उसके नीचे दब गया था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो गियर में था और जैसे ही उसे सीधा किया तो खेतों की तरफ दौड़ गया और खेत में पलट गया। सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में ले लिया है।