पेमेंट लेकर लौट रहे शीशा व्यवसायी और उसके चालक को बंधक बनाकर गाड़ी लूटने वाले गिरोह के एक और सदस्य को सीआईए-2 ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। इससे पूर्व पुलिस पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि शीशा व्यवसायी से लूट मामले में रिमांड पर चल रहे आरोपी यशवीर के खुलासे पर उसके साथी खरावड़ निवासी दलजीत उर्फ कालू को गांव से ही एएसआई नरेंद्र कुंडू की टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
न्यू जनता कॉलोनी निवासी विकास की हिसार रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में शीशा फैक्टरी और शोरूम है। सोमवार देेर रात वह और उसका ड्राइवर तरावड़ी से पेमेंट लेकर लौट रहे थे। कच्चा चमारिया रोड पर 4-5 युवक कार से उतरे और हथियार दिखाकर व्यवसायी को कार से नीचे उतार लिया। विकास और उसके चालक के हाथ पांव बांधे और उनकी गाड़ी लेकर फरार हो गए। गाड़ी में दो लाख 65 हजार रुपये नकदी थी। विकास ने किसी तरह खुद को खोला और एक ट्रक चालक से मोबाइल लेकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की दबिश बढ़ती देख बदमाश अपनी गाड़ी और लूटी गई कार रास्ते में छोड़ गए थे। कार में रखे रुपये भी मिल गए थे।