डबल मर्डर के आरोपी सांघी निवासी एक युवक पर शनिवार रात सरेराह दो युवकों ने फायरिंग कर दी।
युवक बच गया और तीन गोलियां गाड़ी में जा लगीं। सीआईए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 4 पिस्टल, 10 कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है।
अदालत ने एक को जेल और दूसरे को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया। दोनों आरोपियों ने युवक की हत्या के लिए बदमाश अरुण मोरखड़ी से 2 लाख रुपये की सुपारी ली थी।
अरुण हत्या प्रयास के आरोप में सुनारिया जेल में बंद है।
सांघी निवासी प्रवीन हुड्डा शनिवार रात को आल्टो गाड़ी से रोहतक से गांव जा रहा था। मकड़ौली टोल प्लाजा से आगे बाइक सवार युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। दोनों की स्पीड तेज होने से प्रवीन बच गया और तीन गोलियां गाड़ी में जा लगी। प्रवीन ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे बाइक आगे निकल गई।
100 नंबर पर सूचना दी। वीटी के चार घंटे बाद सीआईए-1 प्रभारी मनोज वर्मा एवं उनकी टीम ने हमलावर ब्राह्मणवास निवासी मनीष उर्फ भंडारी और बलियाणा निवासी अजय उर्फ शिंटू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने प्रवीन पर फायरिंग करने की बात कबूल कर ली है।
जेल में रची साजिश
चार साल पहले प्रवीण हुड्डा व उसका साथी विकास नैन डबल मर्डर के आरोप में सुनारिया जेल में बंद रहे थे। इसी दौरान वहां अरुण मोरखेड़ी के साथ किसी बात को लेकर उनका झगड़ा हो गया था। अरुण ने प्रवीन को धमकी दी कि एक न एक दिन वह उसे जान से मार देगा।
पिछले साल एमडीयू में हुआ था हमला
पिछले साल भी अरुण ने प्रवीन की हत्या के इरादे से उस पर हमला करवाया था। मनोज व राजकमल ने एमडीयू में उस पर फायरिंग की थी। उस समय भी पुलिस ने प्रवीन को बचा लिया था। घटना में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया था।
जेल में हुई भंडारी से दोस्ती
ब्राह्मणवास निवासी मनीष उर्फ भंडारी किसी मामले में जेल गया था। इसी दौरान उसकी दोस्ती अरुण मोरखेड़ी से हुई। अरुण ने प्रवीन की हत्या की जिम्मेदारी भंडारी को दी। भंडारी जमानत पर जेल से बाहर आ गया और प्रवीन हुड्डा पर नजर रखने लगा।
गर्ल फ्रेंड के खर्चे पूरे करने के लिए ली सुपारी
भंडारी को गर्ल फ्रेंड पर खर्च करने के लिए पैसों की जरूरत थी। इस कारण मनीष ने अरुण से 2 लाख रुपये की सुपारी ले ली। वह अकेला यह काम नहीं कर सकता था, इसलिए उसने अजय ऊर्फ शिंटू को अपने साथ मिला लिया और उसे एक लाख रुपये देने की बात कही।
12 को गवाही
एमडीयू में हमले के मामले में प्रवीण को 12 सितंबर को कोर्ट में गवाही देनी है। गवाही से पहले उस पर हमला न हो जाए, इसके लिए पुलिस मामले पर विशेष नजर रखे हुए है। सीआईए प्रथम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज वर्मा ने बताया कि जल्द ही अरुण को प्रोडक्शन वांरट पर लेकर पूछताछ की जाएगी।