शनिवार को मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया तीसरा एकदिवसीय मुकाबला भारत के हाथ से तो गया ही ईशांत शर्मा की मुश्किलें और बढ़ा गया।
सोशल मीडिया पर ईशांत की जमकर आलोचना हो रही है। लोग ईशांत पर फ़ब्तियां कस रहे हैं और उन पर चुटकुले गढ़े जा रहे हैं।
हालांकि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि ईशांत को थोड़ा वक्त देना चाहिए लेकिन फ़ेसबुक, ट्विटर और वॉट्स ऐप पर लोग उनकी ख़राब गेंदबाज़ी भुलाने के लिए तैयार नहीं हैं।
ट्विटर पर सक्रीय लेखक और वरिष्ठ पत्रकार माधवन नारायणन (@madversity) ने लिखा है 'ईशांत शर्मा नए तीस मार ख़ां हैं।'
वहीं फिल्म निर्देशक कुणाल कोहली (@kunalkohli) लिखते हैं 'ईशांत शर्मा आपने इतिहास बना दिया है। चेतन शर्मा आपको धन्यवाद देंगे।'
ट्विटर यूज़र विशाल ओझा लिखते हैं- 'ईशांत शर्मा चिंता मत करो। यह खेल है। वापिस आओ और ज़रा दम से।'
वहीं एक अन्य यूज़र का कहना है कि 'ईशांत शर्मा अपनी ही टीम के लिए सबसे ख़तरनाक गेंदबाज़ हैं।'
ट्विटर पर ही एक और यूज़र फ़ैसल नूमान लिखते हैं कि ईशांत शर्मा ने दिखा दिया है कि 'कैसे दिल्ली का एक व्यक्ति सारे देश की उपलब्धि को बर्बाद कर सकता है।'
तीखी टिप्पणियाँ
सर रवींद्र जडेजा नाम के एक यूज़र ने लिखा है कि 'विडोज़ मीडिया प्लेयर ईशांत शर्मा से बेहतर प्लेयर है।'
वहीं वरिष्ठ खेल पत्रकार गौरव कालरा ने लिखा है कि 'अगर आज ईशांत अपना ट्विटर अकाउंट खोंलेंगे तो उन्होने मजबूरी में इसे बंद कर देना पड़ेगा।'
मोहाली मैच में ईशांत शर्मा को 48वें ओवर में गेंद थमाई गई थी जिसके बाद तो मैच का पासा ही पलट गया।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ जेम्स फ़ॉकनर ने ईशांत की ज़बरदस्त धुनाई करते हुए 4 चौके जड़े और 30 रन बना डाले थे।
इस निर्णायक मोड़ पर आकर मैच में अब तक हावी रहे भारत के हाथ से जीत फिसल गई। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 304 रन का लक्ष्य मिला था और भारत यह मैच चार विकेट से हार गया।
सोशल मीडिया पर बहुत सारे लोग इस मैच में भारत की हार के लिए ईशांत शर्मा को ज़िम्मेदार मान रहे हैं और उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखाए जाने की वक़ालत भी कर रहे हैं।