भारतीय कहीं भी रहें, उनके कारनामे प्रसिद्धि दिला ही देते हैं। यूके में ऐसा ही एक हैरतअंगेज कारनामा कर दिखाया है भारतीय मूल की एक महिला ने। विश्व रिकार्ड तोड़ने का प्रयास कर रही ‘आयरन क्वीन’ नाम से चर्चित 21 वर्षीय महिला ने अपने बालों से 12 टन के डबल डेकर बस को खींचा।
लिसेस्टर सिटी सेंटर में शनिवार को आशा रानी ने यह करतब दिखाकर दर्शकों को हैरान कर दिया। रिकार्ड की घोषणा से पहले उनके इस साहसिक कार्य को जांचा जाएगा। मौजूदा रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए उन्हें बस को पांच मीटर से ज्यादा दूरी तक लेकर जाना था। रिपोर्ट के मुताबिक आयरन क्वीन ने बस को 17 मीटर और 20 सेमी तक खींच दिया।
गौरतलब है कि होशियारपुर में जन्मे मनजीत सिंह (62) ने आशा रानी को प्रशिक्षित किया है। मनजीत के नाम भी कई रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिसमें कान में बंधी रस्सी से हवाई जहाज खींचने का रिकार्ड भी शामिल है। आशा के इस करतब पर मनजीत ने कहा कि इसके लिए कोई भी तय प्रशिक्षण नहीं है। यह आपके मन और लक्ष्य की बात है।
रानी ने करीब चार साल पहले सीखना शुरू किया और अब वह मुझसे बेहतर कर रही है। लिसेस्टर में रह रहे मनजीत सिंह ने अपने साहस और धैर्य से कई गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं। पंजाब में कुछ समय तक पुलिस विभाग में सेवा देने के बाद 1977 में वे ब्रिटेन पहुंचे। बता दें कि मनजीत और आशा एक चैरिटी संगठन के लिए धन जुटा रहे हैं, जो प्रोस्टेट कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करती है।