जनस्वास्थ विभाग की लापरवाही के चलते रविवार को आठ वर्षीय मासूम की जान पर भारी पड़ गई। हुआ कुछ यूं कि अल-सुबह अपने परिवार के साथ रेलवे स्टेशन जा रहा यह मासूम अंधेरा होने के चलते स्थानीय तहसील चौक पर खुले पड़े एक मेन होल में जा गिरा। हालांकि गनीमत रहा कि मौके पर परिजनाें के अलावा अन्य लोग भी मौजूद थे। जिन्होंने समय रहते स्वयं के प्रयास से साहिल पुत्र आनंद निवासी झज्जर को मेन होल से बाहर निकाल लिया। घटनाक्रम में साहिल को काफी चोंटे भी आईं है। जिसके चलते उनके परिजनों ने अपना रोहतक जाने का कार्यक्रम भी रद कर दिया। घायल हुए साहिल का परिजनों द्वारा निजी अस्पताल से उपचार कराया गया है। जिसके बाद उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक वे आज अल-सुबह रोहतक जाने वाली ट्रेन में सवार होने के लिए घर से निकले थे। बीच रास्ते में तहसील चौक पर जनस्वास्थय विभाग के सीवरेज का मेन हॉल खुला पड़ा था। अल-सुबह उस मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के चलते मासूम साहिल को खुला हुआ गटर दिखाई नहीं दिया। जिसके कारण वह एकाएक उसमें जा गिरा।