गांव बालंद निवासी एक व्यक्ति दबंग पड़ोसियों से परेशान होकर अपना घर ही छोड़ दिया है।
पिछले लगभग एक महीने से रोहतक ही छोड़कर, वह भिवानी में किराए के मकान में रह रहा है। उसका आरोप है कि पुलिस और प्रशासन को बार-बार शिकायत देने के बावजूद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मामले में उसने सोमवार को एसपी को शिकायत दी है। एसपी ने उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बालंद निवासी राजेंद्र ने एसपी को शिकायत दी कि उसके दबंग पड़ोसी उसके घर पर कब्जा करने के लिए जून में उसके घर की चारदीवारी तोड़ दी थी। इसका विरोध करने पर उन्होंने परिवार के साथ लोहे की राड एवं डंडों मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
उसने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाद में जमानत पर बाहर आते ही उन्होंने फिर दीवार तोड़ दी। दीवार की ईंटों को भी अपने मकान में रख लिया। उसके परिवार के साथ फिर मारपीट करने लगे।
उसने फिर शिकायत पुलिस और प्रशासन को दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर वह परिवार को लेकर भिवानी चला गया और वहां पर किराए के मकान में रहने लगा। राजेंद्र ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उसका घर वापस दिलाने की मांग की है। एसपी सौरभ सिंह ने उसे आश्वासन दिया कि मामले की पूरी तरह निष्पक्ष जांच की जाएगी। अगर मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।