ऑस्ट्रेलिया में उस वक्त एक चौंकाने वाला मामला देखने को मिला जब एक 62 वर्षीय बुजुर्ग अपनी 18 महीने की पोती को बचाने के लिए चलती ट्रेन के सामने कूद गया और बच्ची को उठाकर प्लेटफॉर्म पर वापस ले आए। इस दौरान उन्होंने अपने जान की भी परवाह नहीं की। यह मामला स्थानीय मीडिया में काफी छाया हुआ है।
यह बुजुर्ग एक हफ्ते पहले ही ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे और अपने परिवार के साथ गुरुद्वारे जा रहे थे। रविवार को जब ये वेंटवर्थविले स्टेशन पर पहुंचे उसी दौरान तेज ढ़लान के कारण बच्ची की ट्रॉली लुढ़ककर ट्रैक पर गिर गई और मालगाड़ी के रास्ते में आ गई। यह देखकर दादा ने तुरंत ट्रैक पर छलांग लगा दी और बच्ची को उठाकर अपनी पत्नी और बेटी के पास ले आए।
इस पूरे नाटकीय घटना की रिकॉर्डिंग एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि वेंटवर्थविले स्टेशन पर दादा ने टिकट के पैसे देने के लिए उसकी ट्रॉली को छोड़ दिया। कुछ देर बाद वह जैसे ही पलटे उन्होंने देखा की ट्रॉली तेजी से पटरियों की ओर लुढ़क रही है। वह उससे लपकने के लिए तेजी से आगे बढ़े लेकिन तबतक ट्रॉली ट्रैक पर जा गिरी।