कल्पना कीजिए अगर आप अपने फोन से बिना एक पैसा खर्च किए घंटों बात-चीत करने का मौका मिले, यहां तक इस फ्री कॉल को करने के लिए आपको इंटरनेट की भी जरूरत नहीं हो, तो कैसा होगा?
ये अब कोई कल्पना नहीं इस तरह फ्री कॉल करना आज संभव है। इस क्रांतिकारी तकनीक को मुमकिन बनाया है बैंगलुरू के चार नौजवान इंजीनियर्स ने।
अपने आप में है एक नई पहल
इंटरनेट के जरिए फ्री कॉल करने की सुविधा तो पहले से ही स्काइप और वाइबर जैसे एप्लिकेशन मुहैया करा रही हैं। लेकिन अब फ्री कॉल के लिए आपको इंटरनेट की भी जरूरत नहीं है।
बैंगलुरू के चार नौजवान इंजीनियर्स यशस शेखर, संदेश ई, विजय उमालुती और सबरी जगदीसन ने फ्री काल (Freekall) नाम से फ्री वाइस कॉल सर्विस तैयार की है। ये फ्री वाइस कॉल सर्विस वाइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल (VoIP) पर काम करती है लेकिन इसके लिए इंटरनेट की जरूरत नहीं है।
कैसे करें फ्री कॉल
ये सर्विस खासकर देश के उन लोगों के लिए है जो अभी भी इंटरनेट से दूर हैं। इस सर्विस के जरिए लैंडलाइन और मोबाइल फोन पर फ्री कॉल करना संभव है।
इस सर्विस का इस्तेमाल करने और फ्री कॉल करने के लिए यूजर्स को सबसे पहले Freekall के नंबर पर मिस कॉल करनी होगी। इसके बाद कंपनी सर्वर के जरिए आपको कॉल की जाएगी, फिर आप उस नंबर को डॉयल करें जिससे आप बात करना चाहते हैं। ये काफी कुछ पुराने समय के ट्रंक कॉल जैसा ही है।
कैसे है मुमकिन
ये सर्विस आप से कोई पैसा नहीं लेगी लेकिन आपको इस सर्विस का लाभ उठाने के लिए विज्ञापन सुनना होगा। किसी भी कॉल के दौरान हर दो मिनट के अंतराल पर आपको एक विज्ञापन सुनाई देगा। इसके बाद आपकी कॉल पुन: कनेक्ट हो जाएगी।
Freekall एक दिन में 10 लाख कॉल को पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रही है, इस तरह कंपनी पहले साल में ही विज्ञापन के जरिए 185 करोड़ रुपए की कमाई कर सकती है।
ट्रायल रहा कामयाब
इस सर्विस का ट्रायल पूरी तरह कामयाब रहा है। पांच दिन में ही 600,000 कॉल को पूरा किया जा चुका है। इस सर्विस को फिलहाल अभी कुछ समय के लिए रोक दिया गया है लेकिन अगले महीने से इस सर्विस को फिर से शुरू कर दिया गया।
कंपनी इस सर्विस को और आगे बढ़ाने के लिए ज्वाइंट वेंचर कंपनी को तलाश रही है जिससे सर्विस को और बेहतर बनाया जा सके।