इनेलो कार्यालय पर लगे फ्लैक्स बोर्ड हटाने पर इनेलो प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों ने रविवार को जमकर हंगामा किया।
इनेलो प्रत्याशी राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में करीब 1 बजे लघु सचिवालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम दलबीर सिंह फौगाट से मुलाकात कर जिला प्रशासन पर भेदभाव करने का आरोप लगाया। मामले की लिखित शिकायत देकर फ्लैक्स हटाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर रविवार दोपहर करीब 12 बजे सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस टीम बजरंग भवन के सामने स्थित इनेलो प्रत्याशी राजकुमार शर्मा के कार्यालय पहुंची। वहां उन्होंने मुख्य रोड पर लगे इनेलो के बड़े फ्लैक्स बोर्ड को हटा दिया। जानकारी मिलने पर राजकुमार शर्मा भी वहां पहुंच गए। इस दौरान काफी संख्या में एकत्र कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्होंने फ्लैक्स फाड़ने पहुंचे थाना सिविल लाइन प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत करने की भी बात कही।
हम इनेलो कार्यालय गए थे और वहां लगे एक बड़े होर्डिंग को हटाया था। इसके बाद वापस चले आए। बाद में पता चला कि इनेलो प्रत्याशी और कार्यकर्ता आए हैं। सारी कार्रवाई चुनाव के मद्देनजर की जाएगी।
वजीर सिंह रेढू़, एसएचओ, थाना सिविल लाइन
इनेलो नेताओं ने होर्डिंग हटाने के मामले में मुलाकात की है। उन्हें काफी समय पहले ही वह फ्लैक्स हटाने को कहा गया था, लेकिन इसे हटाया नहीं जा रहा था। रविवार को टीम ने हटा दिया। वे शिकायत दे गए हैं। जांच की जा रही है। भेदभाव के आरोप निराधार हैं।
दलबीर सिंह फौगाट, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम, रोहतक