सीआर किसान कॉलेज के बाहर शुक्रवार सुबह एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ के बाद जमकर हंगामा हुआ। बिजली निगम में कार्यरत छात्रा के भाइयों के विरोध पर मनचलों ने उन पर हमला किया तो बिजली निगम के कर्मचारी मदद को पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। हंगामे के बाद मनचले भागने लगे तो बिजली निगम के कर्मचारियों की मदद से पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। हमले में छात्रा के दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। मनचला युवक लगभग दो माह पहले 105 फुट ऊंचे मंदिर पर चढ़ गया था और लड़की के साथ शादी करने की जिद्द की थी। पुलिस ने उस समय युवक को गिरफ्तार कर लिया था।
शुक्रवार सुबह एक लड़की अपने भाई के साथ सीआर किसान कालेज में एमए की परीक्षा देने के लिए आई थी। इसी दौरान गांव बराह कलां निवासी संदीप ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। छात्रा के विरोध करने पर युवक उग्र हो गए। मामला बढ़ता देख छात्रा ने घटना की सूचना बिजली निगम में कार्यरत अपने भाइयों को दी। दोनों अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे तो संदीप और उसके साथियों ने उन पर भी हमला कर दिया। हमलावर युवक बिजली कर्मचारियों और लड़की के भाइयों पर हमला कर मौके से फरार हो गए। बिजली कर्मचारियों ने युवकों का पीछा किया तो युवक निरंकारी भवन के निकट डेयरी में घुस गए। जिस पर बिजली कर्मियों ने बाहर से डेयरी बंद कर दिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची ने आरोपी संदीप को काबू कर लिया, जबकि अन्य आरोपी भागने में कामयाब हो गए। हमले में बिजली कर्मचारी कृष्ण और दूसरा युवक नरेश घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
पुलिस पर जड़े आरोप
घटना की सूचना पर काफी संख्या में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी युवक संदीप को अपने साथ ले जाने लगे तो बिजली कर्मियों का धैर्य जवाब दे गया। पुलिस पर अन्य आरोपियों को भगाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी और भगाए गए आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। बिजली कर्मचारियों ने चेताया कि अगर फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
पुलिस पर भी किया पथराव
आरोपी युवक संदीप को जब पुलिस गाड़ी में बैठाकर ले जा रही थी तो इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव भी किया। स्थित को उग्र होता देखकर शहर थाना प्रभारी कमलदीप मौके पर पहुंचे और बातचीत करके स्थिति को कंट्रोल लिया।
शहर थाना प्रभारी कमलदीप ने बताया कि आरोपी संदीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। शीघ्र ही उसके अन्य साथियों को काबू कर लिया जाएगा।
दो माह पहले 105 फुट ऊंचे मंदिर पर चढ़ गया था संदीप
गांव बराह खुर्द निवासी संदीप 27 फरवरी को गांव जलालपुरा कलां के 105 फुट ऊंचे बाबा जातिगर मंदिर की चोटी पर चढ़ गया था। इस दौरान संदीप ने लड़की के साथ प्रेम विवाह करने की मांग की थी। लगभग पांच घंटे बाद पुलिस ने उसकी शादी कराने का आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा था। उस समय युवक का कहना था कि लड़की ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन अब उसकी शादी किसी और से हो रही है। इसको लेकर मंदिर पर चढ़ गया। लोगों ने कुछ समय के बाद जब मामला देखा तो युवक ने ऊपर से छलांग लगाने की धमकी देता रहा, लेकिन बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा और गिरफ्तार कर लिया गया।