रोडवेज बस में छात्राओं के साथ मारपीट व छेड़छाड़ के मामले में हरियाणा महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। महिला आयोग की चेयरपर्सन कमलेश पांचाल ने सोमवार को एसपी रोहतक कार्यालय में पहुंचकर पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली।
उन्होंने एसपी शशांक आनंद को कड़ी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पांचाल ने घटना पर बस में मौजूद यात्रियों के मूकदर्शक बने रहने पर दुख प्रकट किया और कहा कि दो लड़कियां इतनी देर तक लड़कों से भिड़ती रहीं। यदि यात्री भी लड़कियों की मदद करते तो मनचलों की हिम्मत ही नहीं होती। उन्होंने दोनों लड़कियों के साहस की तारीफ की और कहा कि इस तरह के मामलों को लेकर पुलिस में संजीदगी दिखानी चाहिए।
पीड़ित छात्राओं को मिलेगी कानूनी सहायता
एसपी शशांक आनंद ने उन्हें घटना को लेकर की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। एसआई नरेंद्र सिंह व महिला इंस्पेक्टर गरिमा सहित पूरी टीम से इस संबंध में पूछताछ भी की। उन्होंने पीड़ित लड़कियों को कानूनी सहायता मुहैया करवाने के लिए भी कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि इसकी जांच सही ढंग से होनी चाहिए। एसपी आनंद ने उन्हें बस के चालक व परिचालक को निलंबित करने की भी जानकारी भी दी।
चालक और परिचालक निभाएं फर्ज
पांचाल ने बस के चालकों व परिचालकों के बारे में कहा कि ऐसी घटनाओं में वे अपना कर्तव्य निभाएं और महिलाओं व लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे महिलाओं व लड़कियों के केस की पैरवी में ढील न करें, ताकि जल्द परिणाम निकले। पार्कों व अन्य स्थानों पर जहां लड़के ज्यादा तादाद में इकट्ठे होते हों, वहां भी तुरंत कार्रवाई कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए।