पीजीआई इमरजेंसी के दो सीएमओ एक डॉक्टर का नंबर मांगने पर आपस में भिड़ गए।
मामले में सीएमओ डॉ. अशोक चौहान ने पीजीआई थाने में शिकायत दी है कि दूसरे सीएमओ ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इमरजेंसी के काम में बाधा डालने का आरोप भी लगाया है।
इमरजेंसी सीएमओ डॉ. अशोक चौहान ने बताया कि वे मंगलवार दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक आपात विभाग में ड्यूटी पर थे।
शाम 7 बजे के आसपास उनके सहयोगी सीएमओ का फोन आया और उनसे एक डॉक्टर का नंबर मांगा। उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सक का मोबाइल नंबर नोट करवा दिया।
इसके कुछ समय बाद उसी सीएमओ का फिर फोन आया और दोबारा नंबर मांगा। कहा कि उन्होंने नंबर नहीं दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देख लेने की धमकी दी। डॉॅ. अशोक ने आरोप लगाया है कि उन्हें उक्त सीएमओ ने फोन पर धमकी दी कि वह बाहर निकल कर देखे। उन्होंने डीएमएस डॉ. सुखबीर को सूचना दी। डीएमएस खुद एक घंटा मौके पर आकर बैठे रहे। शिकायतकर्ता ने बताया कि सहयोगी चिकित्सक ने करीब एक घंटे तक फोन नहीं काटा, इससे आपात विभाग का काम प्रभावित हुआ। शिकायत पीजीआई थाना में दी गई है।
बोले थाना प्रभारी
आपात विभाग के सीएमओ डॉ. अशोक चौहान की लिखित शिकायत आई है। दोनों पक्षों को तलब किया गया है। समाधान नहीं हुआ तो मामला दर्ज किया जाएगा।
- एमआई खान, एसएचओ, पीजीआईएमएस।