एक बार फिर सक्रिय हुए झपटमार पुलिस सुरक्षा को धता बता मात्र दो घंटे में ही चार महिलाओं की चेन तोड़कर फरार हो गए। सेक्टर-1, सेक्टर-3, मॉडल टाउन और शिवाजी कॉलोनी में हुई वारदातों में एक जैसी बाइक का इस्तेमाल किया गया। बाइक सवार चेन स्नैचर्स ने पुलिस को सीधी चुनौती दी है। क्योंकि पिछले दिनों ही एसपी सौरभ सिंह ने आदेश दिए थे कि जिस इलाके में स्नैचिंग होगी, उसकी जिम्मेदारी संबंधित एसएचओ की होगी। जबकि जवाबदेही डीएसपी की होगी। सभी वारदातों में झपटमारों ने हेलमेट पहना हुआ था।
केस नंबर-1 : सेक्टर- 1, समय : साढ़े 7 बजे सुबह। टहलने निकली थी महिला
गुड़गांव निवासी प्रमिला सेक्टर एक में रिश्तेदार के यहां आई थी। सुबह साढ़े सात बजे जब वह सैर के लिए घर से कुछ दूर रोड पर निकली तो काली बाइक सवार दो युवक चेन झपट ले गए। आसपास कोई मौजूद नहीं था। थाना अर्बन एस्टेट प्रभारी वजीर सिंह रेढू ने बताया कि महिला की चेन का लॉकेट वहीं गिर गया। महिला ने झपटा मारने पर चेन को पकड़ा तो वह टूट गई और एक हिस्सा बदमाश ले सके। दो बदमाशों में से से एक ने हेलमेट व दूसरे ने परना बांधा हुआ था।
केस नंबर-2 : सेक्टर-3, समय : 8 बजे सुबह। हवन में भाग लेने आई थी युवती
बोहर गांव निवासी बबरूभान अपनी बेटी सरोज को लेकर पूजा पाठ के लिए सेक्टर-3 आ रहे थे। जब वे कम्यूनिटी सेंटर वाली गली में कोठी नंबर 917 के पास पहुंचे तो पीछे से एक युवक बाइक पर हेलमेट लगाए आया और सरोज के गले से चेन झपट ले गया। पीड़ित शोर मचाते रह गए। जांच अधिकारी एसआई रामकरण ने बताया कि सामने मकान में सीसीटीवी फुटेज ली है। फुटेज में पल्सर बाइक सवार नजर आ रहा है, लेकिन बाइक का नंबर नहीं आ रहा है। केस दर्ज किया गया है।
केस नंबर-3 : मॉडल टाउन, समय : 8.30 बजे। मंदिर जा रही थी वृद्ध महिला।
मॉडल टाउन में मकान नंबर 60 निवासी रिटायर्ड प्राचार्य भीम सिंह हुड्डा की पत्नी चंद्रवती सुबह साढ़े 8 बजे गुफा वाले मंदिर में जा रही थी। बाइक सवार युवक आया और गले से चेन तोड़ भाग गया। भीड़ ने पुलिस को मौके पर बुलाया। जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
केस नंबर-4 : शिवाजी कॉलोनी, समय : 9.30 बजे। सब्जी खरीद रही थी महिला चिकित्सक।
तमिलनाडु के वैल्लूर जिले के निवासी दंपति डॉ. सतीश निरामठी पत्नी डॉ. हरिदास शिवाजी कॉलोनी में रहते हैं। महिला फजियोथेरेपी की चिकित्सक हैं। सुबह साढ़े नौ बजे दोनों घर से एक किलोमीटर दूर आर्य समाज मंदिर के पास मार्केट में आए थे। खरीदारी कर रहे थे तो काली बाइक सवार दो युवक उनकी पत्नी की चेन छीन फरार हो गए। शोर मचाया तो पीड़ित के पति और दूसरे लोगाें ने पीछा भी किया, लेकिन खाली हाथ लौटे। थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस पहुंची और वायरलेस पर सभी थानों व चौकियों को अलर्ट भी किया। थाना प्रभारी हरनारायण राठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है, तलाश जारी है।
फिर करेंगे सुरक्षा मजबूत, पकड़ेंगे जरूर
शहर में पिछले एक माह से स्नैचिंग की घटना नहीं हुई थी। लेकिन एक ही दिन में मात्र दो घंटे में चार स्नैचिंग की वारदात हो गई हैं। कोई लोकल गैंग लग रहा है। टीम बनाई जाएगी। एक बार फिर से अर्बन एस्टेट, सिविल लाइन और शहर के अन्य हिस्सों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ साथ गश्त भी बढ़ाई जाएगी।
अभिषेक जोरवाल, एएसपी, रोहतक।