जिले केे 250 मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे नजर रखेंगे।
ध्यान रखा जाए कि वोटिंग कंपार्टमेंट कैमरों के दायरे में न आने पाए। सुपरवाइजरों को पल-पल की जानकारी एसएमएस के जरिए भेजनी होगी।
संबंधित सुपरवाइजर के मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड किए गए हैं। 14 अक्तूबर को पोलिंग पार्टियों के मतदान केेंद्र के लिए रवाना होने और मतदान केंद्र पर पहुंचने का एसएमएस करना होगा।
15 को मॉक पोल, मतदान शुरू होने व हर घंटे के बाद कुल मतदान का विवरण एसएमएस के माध्यम से देना होगा। अंतिम एसएमएस ईवीएम जमा करवाने का होगा।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित कुमार अग्र्रवाल ने रविवार को जिला विकास भवन के सभागार मेें ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियों की बैठक ली। कहा, विधानसभा चुनाव में प्रशासन हर मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए वीडियोग्राफी और एसएमएस का सहारा लेगा।
पुलिस न करे मित्रता का प्रदर्शन : एसपी
एसपी सौरभ सिंह ने कहा कि पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मतदान केंद्रों पर लोगों को इकट्ठा न होने दें। न ही राजनीतिक दलों व उनके समर्थकों के साथ मित्रता का प्रदर्शन करें। जिस भी मतदाता की उंगली पर स्याही का निशान लग जाता है, उसे मतदान केंद्र पर ठहरने न दिया जाए। पेट्रोलिंग पार्टियां जितना अधिक दौरा करेंगी, उतनी ही अधिक कार्यकुशलता आएगी।
ये रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं रिटर्निंग अधिकारी आरसी बिधान, रोहतक के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी दलबीर फौगाट, महम के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ. मुनीश नागपाल, हुडा के संपदा अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी अमित गुलिया, सीटीएम एवं उप जिला निर्वाचक अधिकारी रविंद्र यादव, डीएसपी अनिल कुमार, करण गोयल व मुकेश कुमार, उप निगम आयुक्त वाईएस गुप्त, चुनाव तहसीलदार जेसी मेहता, नगर निगम के एटीपी केके वार्ष्णेय उपस्थित रहे।