सेक्टर-12 में गुरुवार सुबह सेना के सेवानिवृत्त कैप्टन की पत्नी की बाइक सवारों ने सोने की चेन झपट ली। वारदात बिल्कुल सेक्टर-15 की पुलिस चौकी के सामने हुई। किरकिरी से बचने के लिए पुलिस ने मामले की जानकारी मीडिया तक पहुंचने से रोकने के लिए पीड़ित से दूर की रिश्तेदारी खोज ली। पुलिस ने महिला से शिकायत तो ले ली है, लेकिन छानबीन और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के नाम पर बृहस्पतिवार देर शाम तक उसने मामला दर्ज नहीं किया था।
सेक्टर-15 पुलिस चौकी के सामने सेक्टर-12 का मकान नंबर-3 पड़ता है। यह मकान सेना के रिटायर्ड कैप्टन वीपी दहिया का है। बताते हैं कि सुबह लगभग 8 बजे वीपी दहिया की धर्मपत्नी अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद पीड़िता ने शोर मचाया तो पूरा परिवार एकत्र हो गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। वहीं मौके पर मीडिया भी पहुंच गई। मीडिया के सामने पीड़िता अभी वारदात के बारे में बता ही रही थी कि इसी दौरान पुलिस कर्मियों ने पीड़िता और उसके पति को बातचीत के बहाने साइड में बुलाया। यहां से बातचीत खत्म होने के बाद पीड़ित परिवार ने कुछ बताने से मना कर दिया। वहीं जवाबदेही से बचने के लिये पुलिस कर्मियों ने पीड़ित को अपना रिश्तेदार ही बता दिया। हालांकि देर शाम तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही थी।