ब्लैकबेरी बनाने वाली कनाडाई कंपनी रिसर्च इन मोशन (रिम) ने अपना नाम बदलकर ब्लैकबेरी करने की घोषणा की है। इसके साथ ही न्यूयॉर्क में एक भव्य समारोह के दौरान कंपनी के सीईओ थॉरस्टन हींस ने बहुप्रतीक्षित मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम 'ब्लैकबेरी 10' और दो नए स्मार्टफोन Q10 और Z10 को पेश किया। नए ब्लैकबेरी Q10 में फिजिकल कीबोर्ड है जबकि Z10 में टच-स्क्रीन वाला कीबोर्ड दिया गया है।
नए ऑपरेटिंग सिस्टम लांच होने से कंपनी के कंपनी स्मार्टफोन मार्केट में एक बार फिर से वापसी करने की उम्मीद की जा रही है। ब्लैकबेरी अपने खास ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए पहले से ही दुनियाभर में जानी जाती है। नए ऑपरेटिंग सिस्टम से कंपनी को उम्मीद है कि यह आइफोन, एंड्रायड और विंडोज फोन के यूजर्स को अपनी ओर खींच सकता है। नए फोन जल्द ही आम ग्राहकों के लिए बाजार में उपलब्ध होंगे। बात करते हैं नए ब्लैकबेरी फोन z10 के फीचर्स और खूबियों के बारे में।
डिस्पले और कीबोर्ड
ब्लैकबेरी के नए स्मार्टफोन ब्लैकबेरी z10 में 1280x768 पिक्सल रिज्यूलूशन वाली 4.2 इंच की फुल टचस्क्रीन है। क्वर्टी कीबोर्ड के लिए पहचान बना चुके ब्लैकबेरी के नए फोन में बड़ी स्क्रीन होने की वजह से इसमें मैसेज टाइपिंग और ब्रांउजिंग करने में सहूलियत रहेगी। गेस्चर बेस्ड डिजाइन पर तैयार होम स्क्रीन बहुत ही सुंदर दिखाई देती है। इसमें आप गेस्चर बेस्ड टाइपिंग भी कर सकते हैं। सॉफ्ट टच कीबोर्ड इसे युवाओं के बीच खास पहचान दिला सकता है।
कैमरा
ब्लैकबेरी के नए स्मार्टफोन z10 में 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। इसके फ्रंट कैमरे के बारे में अभी जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई है। कैमरे में मौजूद पिन पाइंट फंक्शन से आप किसी एक व्यक्ति को भी भीड़ में भी टारगेट कर फोटो ले सकते हैं। नए फोन का कैमरा टाइम शिफ्ट फीचर्स की भी सुविधा देता है। शूट की हुई फोटो को आप अपने दोस्तों को भी भेज सकते हैं।
प्रोसेसर और रैम
ब्लैकबेरी z10 में 1.5 गीगा हर्ट्ज का ड्युलकोर प्रोसेसर, 2GB रैम और 16GB की इंटरनल मेमोरी है। तेज चलने वाला ब्राउजर इसकी खूबियों में चार चांद लगाता है। नए फोन में ब्लैकबेरी का नया ऑपरेटिंग सिस्टम 'ब्लैकबेरी 10' है।
बैंलेस मैनेजर
नए ब्लैकबेरी स्मार्टफोन में आप अपने फोन को दो तरह से हैंडल कर सकते हैं, एक पर्सनल लाइफ और दूसरा ऑफीशियल लाइफ। इसे आप अपनी पसंद के अनुसार सेट कर सकते हैं और पर्सनल डेटा व ऑफीशियल डेटा को अलग-अलग रख सकते हैं।
कोई होम बटन नहीं
ब्लैकबेरी के नए फोन में कंपनी ने होम बटन नहीं दिया है। इसमें आप गैश्चर की मदद से सभी ऑप्शन आसानी से एक्सेस कर सकते हैं।
कनेक्टिविटी और बैटरी
ब्लैकबेरी के नए फोन में कनेक्टिविटी के लिए NFC के साथ ही माइक्रो USB 2.0 पोर्ट और वाइ-फाइ दिया गया है। इसमें 1800 mAh की बैटरी है, हालांकि कंपनी की तरफ से इसके टॉकटाइम के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।