किला मोहल्ला (वार्ड-14) में बृहस्पतिवार को चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे कांग्रेस के मौजूदा विधायक एवं प्रत्याशी बी. बी. बतरा को कथित तौर पर काले झंडे दिखाए गए।
विरोध होता देख प्रत्याशी रास्ता बदल गए। यहां के निवासियों ने कहा, एक व्यक्ति खुद को कांग्रेस पदाधिकारी बता दो साल से यहां एक चौपाल पर कब्जा किए हुए है। शिकायत पर भी समाधान नहीं हुआ।
विरोध कर रहे किला मोहल्ले के प्रवेश, लारा, कपिल, आशीष, अंकुश, विशाल, सुशील, सौरभ, रोशनी, नंदी देवी, शीला, संतोष और महेंद्र ने बताया कि उक्त व्यक्ति से सब परेशान हैं। विधायक सिर्फ वोट मांगने के वक्त नजर आते हैं। वहीं, इस बारे में विधायक बी. बी. बतरा का कहना है कि विरोध जैसी कोई बात उनकी जानकारी में नहीं है। वहां ऐसा कुछ नहीं हुआ। हो सकता है कुछ युवा आपस में ही हंगामा कर रहे हों।