रविवार शाम किला मोहल्ले से अधेड़ का अपहरण कर ले जाने वाले निजी फाइनेंसर और भाजयुमो नेता व उसके दोनों साथियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया।
सोमवार को अदालत में पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड मंजूर करने की याचिका दायर की। अदालत ने दो दिन की रिमांड याचिका को मंजूर कर लिया।
किला मोहल्ला में कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा की जनसभा से लौट रहे 41 वर्षीय ऑटो चालक राजू घर जा रहा था। जब वह पुराना देना बैंक चौक के पास पहुंचा तो कुछ दोपहिया वाहनों और एक सफारी गाड़ी में आए 8-10 लड़कों ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
भीड़ ने बदमाशों का विरोध किया तो वे लोगाें को जान से मारने की धमकी देते हुए राजू को सफारी गाड़ी में लेकर फरार हो गए।
मोबाइल की लोकेशन मिलने पर पुराना सब्जी मंडी थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार और सीआईए की टीम डीएलएफ कॉलोनी पहुंच गए।
पुलिस ने राजू को छुड़वाया और तीन युवकों नवीन ढुल, अनिल और राजकुमार निवासी भगवतीपुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके तीन-चार साथी फरार होने में कामयाब हो गए। आरोपी नवीन ढुल भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य है। पीड़ित पहले केबल का काम करता था और उसके बाद में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू किया। काम में उसे भारी घाटा हो गया। इस पर उसने निजी फाइनेंसर नवीन ढुल से 40 हजार रुपये और अनिल से एक लाख रुपये 10 रुपये प्रति सैकड़ा की दर से तीन साल पहले उधार लिए।