उन्नाव। लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर बनी पुल के निकट बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसके दो बच्चे बाल-बाल बच गए। एक अन्य हादसे में ससुराल जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के वक्त बाइक चला रहे युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के लंगरपुर मजरा कुड़ेहरी निवासी भगवानदीन (30) पुत्र सीताराम बेटे अंश (3) व बेटी अंशिका (5) के साथ लखनऊ गया था। सोमवार रात वापस लौटते समय सोहरामऊ थानाक्षेत्र के बनी पुल के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार बच्चे उछलकर डिवाइडर पर जा गिरे। जबकि भगवानदीन डिवाइडर से टकरा गया। सिर पर हेलमेट न पहने होने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीराें की सूचना पर एंबुलेंस उसे जिला अस्पताल लेकर आई। जहां उसका उपचार चल रहा है। उधर बिहार थानाक्षेत्र के दुर्गागंज निवासी शिवशंकर (35) पुत्र लल्लू सराय कटिहार गांव के निकट सामने से आ रही बाइक से भिड़कर गंभीर रूप से घायल हो गया। वह ससुराल रायबरेली जा रहा था।