राजकीय महिला महाविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर तमन्ना को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोपी बैंक मैनेजर पति को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बता दें कि थाना अर्बन एस्टेट अंतर्गत सागर विला होटल के साथ लगती गली में तमन्ना पत्नी प्रशांत ने बृहस्पतिवार को दीपावली वाले दिन जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी थी। तमन्ना के भाई मंदीप के बयान पर थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
मंदीप ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उसकी बहन तमन्ना का विवाह 2005 में प्रशांत के साथ हुआ। कुछ दिनों बाद से ही उसकी बहन को उसके पति व ससुराल वाले दहेज के लिए तंग करने लगे।
आरोप है कि तमन्ना को पति प्रशांत, ससुर राजेंद्र, सास निर्मला और उसकी ननद ने आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। तमन्ना स्थानीय राजकीय महिला महाविद्यालय (आईसी कॉलेज में) बतौर एसोसिएट प्रोफेसर (मैथ) के पद पर कार्यरत थी। पुलिस रिमांड में यह सामने आया है कि तमन्ना कई दिनों से परेशान थी।
थाना अर्बन एस्टेट प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।