पावर हाउस चौक के नजदीक रविवार शाम को गलत साइड से जा रहे एक ऑटो चालक ने सामने से आ रही एक बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में एक बुजुर्ग घायल हो गया। मौके पर एकत्र लोगों के गुस्से को देखते हुए ऑटो चालक खुद को स्टूडेंट बताकर माफी मांगने लगा। घायल को पीजीआई ले जाकर उपचार कराने को भी कहा, लेकिन जब घायल बुजुर्ग फोन कर अपने भाई को मौके पर बुलाने लगे तो ऑटो चालक चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
बलियाणा निवासी बुजुर्ग बिजेंद्र ने बताया कि वह बाइक से घर जा रहा था। पावर हाउस चौक के पास गलत साइड से आ रहे ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गया।
घटना पर काफी हंगामा हो गया। काफी लोगों के मौके पर एकत्र होने से जाम लग गया। इससे आधा घंटा तक वाहन जाम में फंसे रहे। लोगों ने गलत साइड से ऑटो चलाने पर जब चालक को धमकाया तो वह माफी मांगने लगा। उसने बताया कि वह स्टूडेंट है। पढ़ाई का खर्चा चलाने के लिए रात में ऑटो चलाता है। उसने बुुजुर्ग को पीजीआई ले जाकर उपचार कराने को कहा। इसके बाद बिजेंद्र ने अपने भाई को फोन करके मौके पर बुलाने लगा, तभी ऑटो चालक चकमा देकर ऑटो लेकर फरार हो गया।