क्या आपको कभी यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ा है? अक्सर आपको नहीं पता होता कि किस नियम को तोड़ने पर कितना फाइन देना होगा और आप गैर कानूनी तरीके से 100 रुपये या इससे अधिक देकर छुटकारा पाना बेहतर समझते है।
अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि बाजार में एक ऐसा एंड्रायड एप्लीकेशन आ गया है जो आपको यह बताएगा कि ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करने पर कितना फाइन देना होगा। इस एप्लीकेशन से आपको टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर दोनों प्रकार के वाहनों से संबंधित फाइन, संबंधित सेक्शन, उस एरिया के एसीपी (ट्रैफिक) और कंट्रोल रूम का नंबर केवल एक ही क्लिक पर मिल सकता है।
ट्रैफिक फाइन्स इंडिया नाम के इस एप्लीकेशन में दिल्ली, बंगलूरू, चेन्नई और हैदराबाद जैसे सभी प्रमुख शहरों के ट्रैफिक नियमों की जानकारी उपलब्ध है। यहां आपको अलग-अलग तरीके के ट्रैफिक अपराध के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी और यह भी पता चलेगा कि उसके लिए कितना फाइन देना होगा।
इस एप्लीकेशन की सबसे खास बात यह है कि यह ऑफलाइन भी एक्सिस हो सकता है। इसे डाउनलोड करने के लिए आपको गूगल प्ले पर जाना होगा, वहां आप सर्च करके इस एप्लीकेशन के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं और डाउनलोड भी कर सकते हैं।
अक्सर लोग जानकारी के अभाव में ट्रैफिक सार्जेंट को फाइन की रकम के बारे बराबर ही पैसा देकर सेटलमेंट कर लेते है। उन्हें बाद में पता चलता है कि वह उसी रकम को सरकारी खाते में जमा करके भी छूट सकते थे।