जींद मार्ग स्थित बुटाना डिस्ट्रीब्यूटरी के नजदीक शुक्रवार शाम क्रूजर जीप और ऑल्टो कार में आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में तीन व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 8 घायल हो गए। घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम शनिवार को होगा। मृतक रोहतक के गांव घड़ौली और चिड़ी के बताए जाते हैं।
शुक्रवार शाम को एक क्रूजर जीप सवारी लेकर गोहाना से जींद की तरफ जा रही थी। दूसरी तरफ से एक ऑल्टो कार में 4 व्यक्ति सवार होकर गांव बुटाना में सांसद दीपेंद्र हुड्डा के कार्यक्रम से गोहाना की तरफ आ रहे थे। दोनाें वाहनों में बुटाना डिस्ट्रीब्यूटरी के नजदीक आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार सवार रोहतक गांव घडौली निवासी पवन और गांव चिड़ी निवासी सुमित की मौके पर मौत हो गई, जबकि गांव घुसकानी निवासी रामतीर्थ गंभीर रूप से घायल हो गया। क्रूजर में सवार 8 यात्री भी चोट लगने से घायल हो गए। घायलों को पुलिस और राहगीरों ने सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहां पर घायलों की पहचान गांव बागड़ू निवासी बलबीर, गांव रभड़ा निवासी सीताराम, गोहाना शहर के उत्तम नगर निवासी ईश्वर, श्याम, गांव भंभेवा निवासी गुणवति, गांव आसन निवासी रामफुल और गांव सिवानामाल निवासी नसीब व संदीप के रूप में हो पाई। घायल रामतीर्थ को सामान्य अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद गांव खानपुर कलां स्थित अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां पर उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद डीएसपी राजीव देशवाल, बरोदा थाना प्रभारी धर्म सिंह व बुटाना चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।