बुधवार को पहले कोहरे के कारण महम में दो अलग-अलग जगहों पर 8 वाहन आपस में टकरा गए।
भिवानी रोड पर बस-पिकअप और बाइक की टक्कर में पिकअप चालक की जान चली गई और 11 लोग घायल हुए हैं। हादसा गांव सीसर खास के पास एक निजी बस की बाइक और तूडे़ से भरी पिकअप में आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ।
वहीं, बहलंबा मोड़ के पास हुए दूसरे हादसे में चार वाहन आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि यहां किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
बुधवार सुबह 8 बजे एक सहकारी परिवहन समिति की बस महम से भिवानी जा रही थी। पहले कोहरे के कारण बस की सीसर खास गांव के पास एक बाइक और तूड़े से भरी पिकअप में टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक राजस्थान के राजगढ़ के रड़कियावास गांव निवासी प्रह्लाद सिंह और सहायक भंवर लाल घायल हो गए। इसमें प्रह्लाद सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों सरसों का तूड़ा भरकर महम के पास ईंट भट्ठे पर आ रहे थे। हादसे में तूड़े से भरी पिकअप के पीछे आ रही एक और पिकअप भी क्षतिग्रस्त हुई है।
ये हुए घायल
हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र चांग (भिवानी) निवासी मामन सिंह व संदीप कुमार घायल हुए। बस में सवार आठ यात्रियों को चोट आई है। इसमें महम के वार्ड-5 निवासी बिमला देवी, वार्ड-7 निवासी सुनील कुमार व अंकित, निंदाना वासी कप्तान सिंह व जीवनी देवी, माजरा वासी देवेंद्र सिंह, बहलबा वासी कृष्ण कुमार व खरकड़ा वासी कृष्ण कुमार को चोट आई। राहगीरों ने घायलों को तत्काल स्थानीय सामान्य अस्पताल पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई से भी ज्यादातर को छुट्टी मिल गई।
वर्जन
जांच अधिकारी फूल कुमार ने बताया कि हादसे में मारे गए प्रह्लाद सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। बस सहित अन्य वाहनाें को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ज्यादातर घायलों की हालात सामान्य है। फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
हाइवे पर एक साथ भिड़े चार वाहन
कोहरे के कारण दिल्ली-हिसार हाइवे के रास्ते बहादुरगढ़ से सिरसा के लिए चली झज्झर डिपो की बस एक साथ चार वाहनों से टकरा गई। पहले बस बहलंबा मोड़ पर हनुमान मंदिर के पास एक स्कूल बस से टकराई। तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बस में टक्कर मारी दी। इतने में ही एक कार चालक भी अपना संतुलन खो बैठा और कार को क्षतिग्रस्त वाहनों में ठोक दिया। गनीमत रही कि 4 वाहनों के एक साथ भिड़ने के बाद भी किसी को गंभीर चोट नहीं आई। रोडवेज बस के चालक देवेंद्र सिंह व परिचालक मंजीत सिंह ने बताया कि अचानक छाए कोहरे के कारण कुछ दूरी पर देखना भी मुश्किल हो रहा था। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की।