रोहतक से सिरसा एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली जा रहे एक दैनिक यात्री का रुपये से भरा बैग अज्ञात लोगों ने उड़ा लिया। पीड़ित को इस घटना के बारे में बीच रास्ते में उस समय पता चला जब ट्रेन सांपला पहुंची तो उसने देखा की बैग सीट से गायब मिला। जिससे वह भौंचक्का रह गया और संभलने के बाद 80 हजार की नकदी चोरी होने की बात कहते हुए शोर भी मचाया लेकिन कोई भी चोर हाथ नहीं आ सका।
रोहतक के प्रेमनगर में रहने वाला ललित कुमार दैनिक रेल यात्री है। वह अपने साथियों के साथ बुधवार को रोहतक से दिल्ली जा रही सिरसा एक्सप्रेस में सवार हुए। इस दौरान ट्रेन की एक बोगी में हो रहे एक भजन कीर्तन कार्यक्रम में हिस्सा लेने लगा तो उसने बैग सीट पर रख दिया। जब वह सांपला के पास पहुंचा तो उसने अपना बैग संभाला तो वह नहीं मिला। इस बैग में 80 हजार की नकदी और अन्य सामान भी था। हजारों की नकदी चोरी होने की सूचना पाकर ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों ने कुछ युवकों को रोककर उनकी तलाशी भी ली मगर कुछ भी पता नहीं चल पाया। बाद में राजकीय रेलवे पुलिस बहादुरगढ़ को सूचना दी गई। जीआरपी थाना बहादुरगढ़ के प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का अभियोग दर्ज कर बैग चुराने वालों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया।