भले ही झूठ बोलना सही नहीं माना जाता, लेकिन यह हमेशा से मनुष्य के स्वाभाव का एक हिस्सा रहा है। इस बात को जानते हुए भी अगर लोग झूठ बोलते हैं, तो अब उनकी खैर नहीं है।
दरअसल, वैज्ञानिकों ने अब एक ऐसा लाई-डिटेक्टर सूट बनाया है, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि इससे 70 प्रतिशत तक झूठ पकड़ा जा सकता है।
अक्सर जुर्म करने वाले दोषियों को बेनकाब करने के लिए ′लाई डिटेक्टिंग मशीन′ पॉलीग्राफ का सहारा लिया जाता है। लेकिन मौजूदा पॉलीग्राफ्स की झूठ पकड़ने की झमता सीमित है।
हाल में शोधकर्ताओं ने एक ऐसे ′फुल-बॉडी सूट लाई डिटेक्टर′ का निर्माण किया है, जो पुराने लाई डिटेक्टर मशीन से कहीं ज्यादा भ्ारोसेमंद माना जा रहा है।
अब ऐसे लोगों को जरा बच के रहना पड़ेगा, जो बात-बात में झूठ बोलने से नहीं कतराते। ब्रिटेन और नीदरलैंड के शोधकर्ताओं ने इस सूट का निर्माण किया है।
पुराने पॉलीग्राफ्स की विश्वसनीयता पर सवाल उठते रहे हैं। जबकि 17 सेंसर वाले इस नए सूट के जरिये शरीर के भीतर हुई गतिविधियों को स्मार्ट तरीके से पकड़ा जा सकता है। 30 हजार पाउंड की कीमत वाला यह सूट आरोपी के हावभाव एवं मनोभावों को आसानी से पढ़कर उजागर कर देता है।