सभी की जिंदगी में परेशानियां आना आम है। पर मुश्किलों में भी हंसते रहने का अर्थ ही जिंदगी है। शायद ही कोई ऐसी जिंदगी हो, जो परेशानियों से घिरी न हो, लेकिन जिंदगी तो वही जी पाते हैं, जो मुश्किलों में भी हंसते रहते हैं।
अक्सर हंसमुख चेहरों के पीछे एक दर्द छिपा होता है, जिसे दूसरे लोग देख नहीं पाते। हॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन रॉबिन विलियम्स की आत्महत्या हमेशा मुस्कुराते रहने वाले चेहरों के पीछे छिपे जिंदगी के स्याह सच से हमें रूबरू कराती है।
कई बार लोग अपने दर्द को छिपाने के लिए भी हास्य और दिल्लगी को जिंदगी में शामिल कर लेते हैं। सच भी है, हास्य की एक डोज शर्मिंदगी और असुरक्षा जैसी कमजोरियों पर भी परदा डाल देती है। विलियम्स अक्सर कहते थे कि उनके पेरेंट्स उन्हें प्यार करते थे, लेकिन पेरेंट्स की अनुपस्थिति से उन्हें हमेशा असुरक्षित महसूस होता था। विलियम्स चेहरे पर अजीबो-गरीब भाव लाकर हमेशा अपनी मां को हंसाने की कोशिश करते थे। उनकी इस कोशिश ने उन्हें एक चर्चित कॉमेडियन बना दिया।
मुस्कान बांटकर, जी जिंदगी
मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के मुताबिक दुनिया में ऐसे लोगों की कमी नहीं है, जिनकी जिंदगी मुश्किलों से भरी होती है, मगर वो दूसरों को हंसाने की कोशिश में जुटे रहते हैं। ऐसा करके वो न केवल दूसरे लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, बल्कि परेशानी से उबरने में खुद अपनी मदद भी करते हैं।
ऐसे कलाकार कम नहीं है, जिनके करीबी गंभीर रूप से बीमार थे, लेकिन वो मंच पर ज्यादा हास्यास्पद हाव-भाव बनाकर न केवल दूसरों को हंसा रहे थे, बल्कि खुद अपनी परेशानी को भी नजरअंदाज करने की कोशिश कर रहे थे। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता किशोर कुमार शायद अपने हंसमुख स्वभाव के कारण ही आखिर तक अकेले रहने के बावजूद फक्कड़ की तरह जिंदगी जीते रहे।
दूसरों को भी हंसाया
ऐसे लोगों की फेहरिस्त बेहद लंबी है, जो अपने आंसुओं को छिपाकर हमेशा हंसते रहे और दूसरों को भी हंसाते रहे। बीमार मां और आर्थिक मुश्किलों से जूझते हुए भी अमेरिकी अभिनेता और कॉमेडियन जिम कैरी हमेशा लोगों को हंसाते रहे। चार्ली चैपलिन से लेकर ह्यूज लॉरी और बस्टन कीटन जैसे दिग्गजों की जिंदगी भी तनाव से भरी रही है, लेकिन उन्होंने जिंदगी में हास्य का दामन कभी नहीं छोड़ा।
मनोवैज्ञानिकों के मुताबिक दूसरे लोगों के सामने जिंदादिल बने रहने वाले लोग, कई बार हाइपोमेनिया से ग्रस्त हो जाते हैं। ऐसे लोग समूह में तो हंसते हैं और खूब बातें करते हैं, लेकिन अकेलेपन में उनका पूरा व्यक्तित्व ही बदल जाता है। चेहरे पर हमेशा मुस्कान बिखेरे हुए इन कॉमेडियन्स की असल जिंदगी में भले ही दर्द छिपा रहा हो, लेकिन उन्होंने कभी उसे खुद पर हावी नहीं होने दिया। इससे तो सबक यही मिलता है कि जिंदगी में अगर रोना नहीं चाहते, तो हंसने की कला जरूर सीख लेनी चाहिए।