साल का अंत, ढेर सारे काम और क्रिसमस व नए साल पर छुट्टियां भी लेनी हैं। ऐसे में काम के प्रेशर में अगर आप छुट्टियां नहीं लेंगे तो घर पर बीवी-बच्चे नाराज होंगे और छुट्टियों के चक्कर में काम के प्रति लापरवाही की तो बॉस की नाराजगी झेलनी पड़ेगी। अब अगर आपकी उलझन यह है कि किस तरह दफ्तर में काम को मैनेज करें की समय से काम भी हो जाए और परिवार के लिए समय भी निकल जाए, तो हम आपको कुछ मददगार उपायों की जानकारी दे रहे हैं।
क्या करना है, इसकी सूची बनाएं
काम बहुत सारा है तो सबसे पहले एक पर्सनल लिस्ट बनाएं जिसमें आपको कौन-कौन से काम निपटाने हैं, क्या जरूरी है और क्या कम जरूरी है, यह सब एक जगह लिखें। इससे आपको प्लानिंग करने में आसानी होगी और जरूरी काम छूटेगा नहीं।
किस काम को कितना समय देना है
अब यह तय करें कि दिन में कौन से काम के लिए आपको कितना समय देना है। साथ ही, कौन सा प्रोजेक्ट कब पूरा करना है इसकी डेडलाइन भी तय करें। न सिर्फ काम करने बल्कि कितनी देर का आप ब्रेक लेंगे दिन में इसका भी समय निर्धारित करें।
समय का समझदारी से करें उपयोग
जब घंटे कम लगें और काम ज्यादा तो एक-एक मिनट का महत्व होता है। ऐसे में कोशिश करें कि जिन गतिविधियों से आपका समय अधिक खराब होता है उनका प्रबंधन सही तरीके से करें। जैसे दिन में ईमेल्स चेक करने और जवाब देने के लिए तय करें कि छोटे ब्रेक में ही ये काम करें।
डेस्क रखें व्यवस्थित
अगर आपके पास पेपरवर्क ज्यादा होता है तो डेस्क को व्यवस्थित रखना भी जरूरी है। जरूरी कागजों की अलग-अलग फाइल बनाएं और उन्हें तारीख या सेक्शन के हिसाब से अपनी डेस्क पर अरेंज करें। इससे आपको छोटी-छोटी बातों के लिए फाइल पलटने या सही फाइल ढूंढ़ने में समय नहीं गंवाना पड़ेगा।
न कहना सीखें
आप किसे जरूरी प्रोजेक्ट में लगे हैं और पहले ही काम की अधिकता की वजह से व्यस्त हैं तो किसी नए काम को हाथ में लेने के बजाय अपनी सीमाएं समझें और 'न' कहना सीखें। आप किसी काम को लेकर उसे डेडलाइन पर पूरा न कर पाएं इससे बेहतर होगा कि आप अपनी विवशता बताकर विनम्रता से मना कर दें।
टीमवर्क है बेहतर विकल्प
सारा काम अपने ऊपर ओढ़ने के बजाय उसे अपने सहयोगियों के साथ बांटना ही प्रबंधन की कला है। आप अकेले ही हर काम को निपटा लेंगे, यह सोच ही बहुत गलत है। सही प्रबंधन करने से काम कम समय में सही तरीके से पूरा होता है।