'क्योंकि हर एक फ्रेंड जरूरी होता है' फ्रेंडशिप डे के दिन यह तराना शायद आज आपकी जुबान पर भी हो। अच्छे दोस्त और सच्ची दोस्ती वैसे तो हमेशा ही नफा-नुकसान से ऊपर है लेकिन इसके फायदों की फेहरिस्त बहुत लंबी है।
अच्छे दोस्त बुरे वक्त में भी न सिर्फ आपके चेहरे पर मुस्कान ला सकते हैं बल्कि आपकी सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं हैं। कई शोधों ने प्रमाणित किया है कि जिन लोगों के पास अच्छे दोस्तों का साथ होता है वे अधिक सेहतमंद होते हैं। जानिए अच्छे दोस्तों का साथ, आपको सेहत के कौन से फायदे पहुंचा सकता है।
अच्छी होती है याददाश्त
स्वीडन के शोधकर्ताओं ने अपने शोध में पाया कि 75 वर्ष की आयु के लोग जो अपने दोस्तों व रिश्तेदारों के साथ समय बिताते हैं, उनमें याददाश्त जाने से जुड़े रोग डिमेंशिया का रिस्क कम रहता है। शोधकर्ताओं का मानना है कि दोस्तों के साथ समय बिताने या संबंधों को निभाने के लिए हम जो कुछ सोचते हैं, उससे मस्तिष्क का व्यायाम होता है और याददाश्त अच्छी रहती है।
उम्र बढ़ती है
द ऑस्ट्रेलियन लौंगिट्यूडनल स्टडी ऑफ एजिंग के शोध में पाया गया है कि दोस्तों से प्रगाढ़ संबंध रखने वाले लोग दूसरों से 22 प्रतिशत अधिक लंबे समय तक जीते हैं। यह शोध 1,500 लोगों के एक दशक की जीवनशैली के आधार पर किया गया है।
कम होता है तनाव
कई शोधों में यह प्रमाणित हो चुका है कि दोस्तों के साथ समय बिताने वाले लोगों का तनाव कम होता है। एक शोध के अनुसार अकेले रहने वाले लोगों के शरीर में कोर्टिजोल नाम स्ट्रेस हार्मोन तेजी से बनता है जिससे उन्हें तनाव से जुड़ी दिक्कतें अधिक होती हैं जबकि दोस्तों के साथ समय बिताने पर स्ट्रेस हार्मोन को कम किया जा सकता है।
सुधार तेजी से होता है
3000 प्रतिभागियों पर किए गए एक शोध में यह पाया गया है कि कैंसर जैसे गंभीर रोग से जूझ रही महिलाएं अगर अपने दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिताती हैं तो कैंसर से लड़ने में उन्हें चार गुना अधिक ऊर्जा मिलती है। यानी रोग या चोट से उबरने में दोस्तों की दुआएं यकीनन काम ही आती हैं।
फिट रहने में आसानी
फिटनेस से जुड़े कई शोधों से पता चला है कि जो लोग जिम में दोस्त बनाते हैं, वे कसरत में नागा कम करते हैं और फिटनेस को लेकर अधिक उत्साहित रहते हैं जिससे वे अधिक फिट रहते हैं।