भला कौन नहीं चाहेगा कि वह लंबे समय तक जवां दिखे और इतना फिट हो कि उम्र से कम ही लगे। ऐसी ही चाहत आपकी है तो जान लें कि इसका कोई शॉर्टकट नहीं है बल्कि कुछ ऐसी आदते हैं जिन्हें अपनाने से आपका यह सपना सच हो सकता है।
जानिए ऐसी पांच आदतों के बारे में जिन्हें अपनाने से आप लंबे समय तक जवां दिखेंगे।
शुरुआत करें खुद अपनी सोच से
आपके चेहरे पर जो कुछ भी दिखता है वह आपकी सोच और मानसिकता की ही झलक है। ऐसे में आपका चेहरा खिला और तनावमुक्त दिखे इसकी शुरुआत आपको अपनी सोच के बदलाव के साथ ही करनी होगी।
सकारात्मक सोच रखने से न सिर्फ आपको मानसिक सुकून मिलेगा बल्कि आप दिखेंगे भी तरोताजा। तो अबसे ग्लास खाली देखने के बजाय भरा हुआ हिस्सा गौर करना शुरू कर दें।
सिर्फ पांच मिनट ध्यान
दिन के 24 घंटों में अगर आप अपने व्यस्त रुटीन से सिर्फ पांच मिनट निकालकर भी ध्यान करें तो यह न सिर्फ आपको तनावमुक्त रखने में मददगार है बल्कि मानसिक शांति भी देगा।
चूंकि तनाव समय से पहले आपके चेहरे को झुर्रियों से लेकर एजिंग से जुड़ी कई समस्याएं देता है इसलिए इसे दूर भगाने का इससे आसान उपाय भला क्या होगा।
आंखों का खास ख्याल
आंखों के आसपास काले घेरे, झुर्रियां आदि समस्याएं अब कम उम्र में ही हमारे लुक की दमक फीकी कर देती हैं।
ऐसे में अगर सोने से पहले आंखों के आसपास आई क्रीम, गुलाब जल या खीरे के टुकड़े सोने से पहले रखेंगे तो न सिर्फ आंखों को आराम मिलेगा बल्कि आपको नींद भी अच्छी आएगी। कभी ट्राइ करके देखें।
छोड़ दें सिगरेट
बातें आपको किताबी लगेगीं लेकिन यह सच है कि सिगरेट पीने के कई खतरों में से एक खतरा एजिंग भी है। यह शरीर में ऑक्सीजन की कमी करता है जिसका असर स्वाभाविक तौर पर त्वचा पर पड़ता है और एजिंग से जुड़ी दिक्कते होती हैं।
ऐसे में इस आदत को छोड़ देना ही बेहतर है।
छोड़ें मीठे का मोह
अगर आप मीठे के बहुत अधिक शौकीन हैं तो कम से कम अपनी त्वचा के लिए ही इसे छोड़ दें। शरीर में शुगर का अधिक स्तर ग्लाइकेशन नामक प्रक्रिया का कारण होता है जिस वजह से त्वचा पर झुर्रियां अधिक होती हैं।