अगर आप अपने घर में मौजूद चीजों की साफ-सफाई में जरा भी कोताही बरतते हैं या आपके सोफे या बुकशेल्फ पर जमा धूल की परत जमा रहती है तो इससे आप तनावग्रस्त हो सकते हैं।
हाल में हुए एक शोध में पाया गया है कि घर के सामानों पर जमा धूल में कुछ ऐसे कण होते हैं जो शरीर में तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन को बढ़ाते हैं और शरीर का हार्मोनल संतुलन बिगाड़ते हैं।
नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ इन्वॉयरमेंटल हेल्थ (एनआईईएचएस) के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन से यह निष्कर्ष निकाला है। शोधकर्ताओं का मानना है कि घर में मौजूद सोफा, टीवी आदि सामानों पर जमा धूल के साथ ब्रोमिनेटेड फ्लेम रेटार्डेंट्स (बीएफआर) नामक रसायनिक तत्व होते हैं जो शरीर में मौजूद रसायनों के साथ मिलकर हार्मोन को नुकसान पहुंचाते हैं।
एनआईईएचएस की निदेशक व प्रमुख शोधकर्ता लिंडा बिर्नबॉम बताती हैं, ''बीएफआर जब शरीर में मौजूद प्रोटीन से मिलता है तो शरीर में एस्ट्रोजन नामक हार्मोन तेजी से बनता है जिससे तनाव बढ़ता है। इसके अलावा, यह शरीर के मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है और हार्मोनल संतुलन बिगड़ सकता है।''
अब तक बीएफआर को लेकर हुए शोधों में यह माना जाता रह है कि सीमित मात्रा में इससे सेहत को नुकसान नहीं है। लेकिन इस शोध में इस रसायन के 3डी मॉडल के जरिए एस्ट्रोजन और एंडोक्राइन सिस्टम पर नुकसान को परखा गया है।
इस शोध का विस्तृत विवरण हाल में इन्वॉयरमेंटल हेल्थ पर्सपेक्टिव्स जर्नल के ऑनलाइन संस्करण में प्रकाशित हुआ है।