सेहतमंद जीवन की चाबी है स्वस्थ मस्तिष्क। तेज दिमाग के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते। तमाम तरीके की हेल्थ ड्रिंक्स, पॉवर बूस्टर प्रोटीन आदि का सेवन करते हैं। ऐसे में दिमाग को तेज और मजबूत बनाने के लिए डाइट में क्या लेना फायदेमंद होगा, इसकी जानकारी आज हम आपको दे रहे हैं।
मछली
अगर आप मांसाहारी हैं तो मछली का सेवन आपके दिमाग के लिए बहुत फायदेमंद है। सैमन, ट्यूना जैसी मछलियों में ओमेगा 3 फैटी एसिड, प्रोटीन और कैल्शियम जैसे तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं जो दिमाग और नर्वस सिस्टम के लिए बहुत उपयोगी हैं।
अंडा
मछली की तरह ही अंडा भी ओमेगा 3 फैट का प्रमुख स्रोत है जो मस्तिष्क की कोशिकाओं के विकास में बेहद सहायक है। इसमें प्रोटीन और विटामिन ई भी भरपूर मात्रा में होता है जो मस्तिष्क के तुरंत निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ाने में मददगार है।
हरा सलाद
सलाद पत्ता, पालक, ब्रोकली, गाजर औप बंदगोभी से बना हरा सलाद भी दिमाग को तेज करता है। सलाद में इस्तेमाल होने वाली फाइबर युक्त सामग्री में विटामिन सी और विटामिन ई मस्तिष्क को मजबूत बनाते हैं। आप चाहें तो इन सामग्रियों का सूप भी बना सकते हैं।
बादाम
बादाम को याददाश्त तेज करने का दादी मां का नुस्खा कहना गलत न होगा। बादाम में एंटीऑक्सिडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं और यह ओमेगा 3 फैटी एसिड का भी अच्छा स्रोत है। संतुलित मात्रा में नियमित रूप से बादाम का सेवन दिमाग तेज करने के लिए काफी फायदेमंद है।
अनाज
गेहूं, जौ जैसे अनाज का प्रतिदिन सेवन करने से भी दिमाग तेज होता है। इनमें मौजूद ग्लूकोज मस्तिष्क की कार्यक्षमता को बढ़ाने में सहायक है। चिकित्सकों का मानना है कि प्रतिदिन 100 ग्राम कार्बोहाइड्रेट युक्त भोजन करने से दिमाग तेजी से काम करता है।
दही
दही में मौजूद अमीनो एसिड न सिर्फ याददाश्त तेज करता है बल्कि यह तनाव से राहत दिलाने में भी सहायक है। आप इसमें अपनी पसंद के फल मिलाकर इसे एक सेहतमंद नाश्ते के रूप में अगर रोज लेंगे तो आपका दिमाग हमेशा दुरुस्त रहेगा।
जामुन
जामुन एक ऐसा फल है जो एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर है। इसमें विटामिन ई भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है जिससे बढ़ती उम्र के साथ-साथ होने वाली मानसिक समस्याओं से बचाव में आसानी होती है। इसके अलावा, यह किसी भी चीज को लंबे समय तक याद रखने में भी बहुत मददगार है।