देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर निर्यातक कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने अगले वित्तीय वर्ष (2014-15) में कैंपस के जरिए 25 हजार प्रशिक्षु कर्मचारियों की भर्ती करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि कंपनी ने अगले साल शामिल होने वाले कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की संभावना से इंकार किया है।
कंपनी के ग्लोबल एचआर हेड अजॉय मुखर्जी ने बुधवार को यहां कहा कि हमने कैंपसों में जाना शुरू कर दिया है और हम इस वर्ष भी उन सभी शिक्षण संस्थानों में जाएंगे जहां हम पिछले वर्ष गए थे।
उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष में कंपनी से जुड़ने वाले ट्रेनियों के लिए सैलरी पैकेज 3.15 लाख से 3.25 लाख सालाना ही होगा। हालांकि उन्होंने कैंपस के इतर की जानी वाली भर्तियों के बारे में कुछ नहीं बताया।
गौरतलब है कि कंपनी ने पिछले वित्तीय वर्ष में भी 25 हजार ट्रेनियों की भर्ती की थी और उसके पहले वित्तीय वर्ष में 43 हजार ट्रेनी भर्ती किए गए थे।
मुखर्जी ने कहा कि 6,300 से ज्यादा प्रशिक्षु कंपनी को ज्वाइन कर चुके हैं और करीब 19 हजार ट्रेनी इस वित्तीय वर्ष में कंपनी को ज्वाइन करेंगे।