भारतीय नौसेना की कार्यपालक शाखा में भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इसमें पायलट/पर्यवेक्षक के रूप में अल्प सेवा कमीशन प्रदान करने के लिए अविवाहित भारतीय नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पायलट के पद के लिए अविवाहित पुरुष और पर्यवेक्षक के पद के लिए अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवार जो निर्धारित शैक्षिक एवं शारीरिक योग्यता रखते हों आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षिक तौर पर ये अभ्यर्थी हैं योग्य
शैक्षणिक तौर पर सामान्य अभ्यर्थी किसी मान्यताप्राप्त संस्थान से 70 प्रतिशत अंकों के साथ किसी विधा में स्नातक डिग्री तथा गणित और भौतिकी विषयों के साथ बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की हो। वहीं सीपीएल धारक उम्मीदवार के लिए स्नातक में 60 प्रतिशत अंक निर्धारित है। अभ्यर्थी के पास डीजीसीए (भारत) द्वारा जारी चालू सीपीएल अवश्य हो।
19 से 24 वर्ष तक के युवा करें आवेदन, पाएं आकर्षक वेतनमान
आयु सीमा के तहत इन पदों के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों के लिए न्यूनतम आयु सीमा 19 वर्ष तथा अधिकतम आयु सीमा 24 वर्ष निर्धारित है। सीपीएल धारक की ऊपरी आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित है।
इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को वेतनमान के तहत 15,600-39,100 रुपये और ग्रेड पे 5400 रुपये दिया जाएगा। इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को पदोन्नति की सुविधा भी दी गई है। पदोन्नति के हिसाब से ही वेतनमान के लिए ग्रेड पे निर्धारित है।
ऐसे करें आवेदन
इन पदों के लिए आवेदन ऑनलाइन भरा जाएगा। आवेदक ऑनलाइन भरे फॉर्म की दो प्रतियों का प्रिंट लें। एक प्रति समस्त दस्तावेजों को संलग्न कर 'पोस्ट बॉक्स नं. 02, सरोजिनी नगर, नई दिल्ली-110023' के पते पर साधारण डाक से भेजें।
आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 21 अप्रैल, 2014 निर्धारित है। दूसरी प्रति भर्ती प्रक्रिया के दौरान पहचान में सहायक होगी। आवेदन करने एवं अन्य आवश्यक जानकारी के लिए आवेदक भारतीय नौसेना की वेबसाइट http://www.nausena-bharti.nic.in/ पर लॉग ऑन करें।