स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजमेंट एक्जिक्यूटिव के कुल 300 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इन पदों में एमएमजीएस-II ग्रेड के 135 पद व एमएमजीएस-III ग्रेड के 165 पद शामिल हैं। इन पदों को भरने की शैक्षिक योग्यता स्नातक के साथ-साथ मैनेजमेंट से संबंधित डिप्लोमा/डिग्री में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक, निर्धारित की गई है।
एमएमजीएस-III ग्रेड के लिए न्यूनतम 5 वर्ष व एमएमजीएस-II ग्रेड के लिए न्यूनतम 2 वर्ष का कार्यअनुभव आवश्यक है। आवेदकों की उम्र सीमा ग्रेड पे के अनुसार अलग-अलग है। एमएमजीएस-II के लिए अधिकतम 35 वर्ष व एमएमजीएस-III के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग को अधिकतम उम्र सीमा में छूट प्रदान की गई है।
योग्य उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया
विज्ञापित पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन परीक्षा और समूह चर्चा व साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
ऑनलाइन परीक्षा में उम्मीदवारों से बैंकिंग ज्ञान, डाटा इंटरप्रिटेशन एंड एनालिसिस, तर्कशक्ति परीक्षण व जनरल अवेयरनेस से संबंधित 200 प्रश्न पूछे जाएंगे जो 200 अंको का होगा। लिखित परीक्षा के तुरंत बाद 50 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी जिसमें अंग्रेजी में पत्र लेखन व निबंध से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
दोनों परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को समूह चर्चा व साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन मेरिट के अनुसार किया जाएगा।
वेतनमान व आवेदन शुल्क
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में जिन पदों के लिए आवेदन पत्र मांगे गए हैं उन पदों में एमएमजीएस-II के लिए 19,400 से 28,100 रुपये तथा एमएमजीएस-III के लिए 25,700 से 31,500 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
इन पदों के लिए आवेदन शुल्क सामान्य आवेदक के लिए 500 रुपये है, जबकि एससी/एसटी/विकलांग के लिए आवेदन की फीस 100 रुपये है। आयु का निर्धारण 24 जुलाई, 2014 से किया जाएगा।
इन पदों पर इस तरह से करें आवेदन
इन पदों पर उम्मीदवार केवल ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करने के बाद चालान फॉर्म डाउनलोड करके शुल्क जमा कर सकते है।
आवेदन शुल्क ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यम से किया जा सकता है। पंजीकरण की आखिरी तारीख 11 अगस्त, 2014 निर्धारित की गई है। आवेदन तथा अन्य आवश्यक जानकारी व निर्देश के लिए उम्मीदवार http://www.sbi.co.in/ पर लॉग ऑन करें।