जी न्यूज ने शनिवार को कांग्रेस सांसद और उद्योगपति नवीन जिंदल पर 150 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा ठोक दिया है। जबकि जिंदल ने भी मीडिया समूह पर अपनी कंपनी से धन वसूलने की कोशिश के आरोप में 200 करोड़ रुपये का मुकदमा किया है।
मीडिया हाउस द्वारा जारी वक्तव्य में यहां कहा गया है कि जी न्यूज ने नवीन जिंदल को तीन दिन का समय दिया है कि वे अपने सभी आरोप तथा मुकदमे वापस ले लें, अन्यथा उन्हें सिविल और क्रिमिनल मामलों का सामना करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि 25 अक्तूबर को जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) के प्रमुख नवीन जिंदल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि जी समूह ने कोल ब्लॉक आवंटन मामले में उनके खिलाफ खबरें रोकने के लिए 100 करोड़ रुपये वसूलने की कोशिश की थी। जिंदल ने अपने आरोपों के पक्ष में एक सीडी भी जारी की थी। जेएसपीएल ने मुंबई हाईकोर्ट में जी के चार कार्यकारी संपादकों के विरुद्ध इस संबंध में मुकदमा भी दायर किया। कंपनी के अनुसार जी के अधिकारियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। संभव है कि मुंबई हाईकोर्ट अगले सप्ताह मामले की सुनवाई शुरू करे।
दूसरी तरफ जी न्यूज ने जिंदल द्वारा पेश सभी तथ्यों और सीडी को खारिज कर दिया है। उसने कहा कि यह सब जानबूझ कर उसकी विश्वसनीयता को नष्ट करने के लिए किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कैग की रिपोर्ट के अनुसार जेएसपीए कोयला आवंटन घोटाले में फायदा पाने वाली कंपनियों में से एक है।