मुंबई हमलों का अहम आरोपी जकीउर रहमान लखवी जमानत के बाद भी जेल में ही रहेगा। शांति भंग होने की आशंका के कारण पाकिस्तान सरकार ने उसे जेल से रिहा करने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान की विशेष आतंकवाद निरोधी अदालत ने गुरुवार को लखवी को जमानत दे दी थी।
माना जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार लखवी की जमानत के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील कर सकती है। गुरुवार को लखवी को जमानत दिए जाने पर भारत सरकार ने कड़ी आपत्ति जताई थी। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि भारत की ओर से पर्याप्त सबूत उपलब्ध कराए जाने के बावजूद जमानत मिलना पाकिस्तान सरकार की ओर से पैरवी में कमी की ओर साफ इशारा करता है। उन्होंने लखवी को जेल से बाहर न आने देने के लिए पाकिस्तान सरकार से तत्काल ऊपरी अदालत में अपील करने की मांग की थी।
भारत के ऐतराज के बाद पाकिस्तान सरकार ने आश्वासन दिया था कि लखवी को तत्काल रिहा नहीं किया जाएगा और विशेष अदालत के फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती दी जाएगी।